डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य

स्वच्छता सर्वेक्षण कार्य की नियमित मॉनीटरिंग की जाए - माया सिंह 
 

भोपाल। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने कहा हैं कि मध्यप्रदेश शत-प्रतिशत नगरीय निकायों से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाला देश का पहला राज्य बन गया हैं। स्वच्छ भारत अभियान में भारत सरकार द्वारा कराये जा रहे स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान की मॉनीटरिंग कड़ाई से की जाये, जिससे प्रदेश में किये जा रहे प्रयासों से मध्यप्रदेश देश में पुन: नई पहचान बना सके। उन्होंने यह बात मंत्रालय में स्वच्छ भारत अभियान-2018 की समीक्षा बैठक में कही।
 

माया सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान में नगरीय क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई हैं। शत-प्रतिशत नगरीय क्षेत्रों में खुले में शौच की कुप्रथा से मुक्ति दिलाने के बाद डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन का कार्य किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में निजी जन-भागीदारी से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य लैण्डफिल साइट एवं प्र-संस्करण द्वारा किया जा रहा हैं। यह कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराये जायें। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में क्लस्टर बनाते समय नगरीय निकायों के बीच की दूरी पर विशेष ध्यान दिया जाये, जिससे एक दिन में ही कचरा मुख्य संग्रहण केन्द्रों तक पहुँच सके। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्रों की प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण का कार्य अवकाश के दिनों में भी जारी रखा जाये।
 

प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2018 पूरे देश के साथ प्रदेश में भी जारी हैं। प्रथम चरण में 26 निकायों का सर्वेक्षण पूर्ण हो चुका हैं। शेष निकायों में सर्वेक्षण द्वितीय चरण में किया जायेगा। स्वच्छता सर्वे और डोर-टू-डोर कलेक्शन कार्य की नियमित समीक्षा भोपाल-स्तर से की जा रही हैं। सभी 51 जिलों के लिये एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं।
 

अग्रवाल ने बताया कि निजी जन-भागीदारी आधारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना में 26 क्षेत्रीय इकाइयों में से 6 इकाइयों में विद्युत उत्पादन इकाइयाँ स्थापित की जायेंगी। इनके माध्यम से 65 मेगावॉट विद्युत उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं। शेष 20 इकाइयों से कचरे से जैविक खाद बनाया जाना प्रस्तावित हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment