सांसद के.पी.यादव के खिलाफ कार्रवाई दुर्भावनापूर्णः राकेश सिंह

 

 खबर नेशन / Khabar Nation

                भोपाल। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने सत्ता में आते ही भाजपा के कार्यकर्ताओं, नेताओं और जनतप्रतिनिधियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था और राजनीतिक विद्वेष का यह सिलसिला अभी भी जारी है। कांग्रेस सरकार भाजपाजनों के खिलाफ कार्रवाई करके विरोध में उठने वाली आवाजों को दबाना चाहती है। गुना के सांसद डॉ. के.पी. यादव के खिलाफ केस दर्ज कराना भी कांग्रेस की इसी दुर्भावना का परिणाम है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने गुना से पार्टी के सांसद डॉ. के.पी.यादव के खिलाफ पुलिस द्वारा केस दर्ज किए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कही।

                प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि कमलनाथ सरकार के सत्ता में आने के बाद से प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याएं हो रही हैं, उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, उनके खिलाफ केस दर्ज किए जा रहे हैं और अब माफिया के खिलाफ कथित अभियान में भी दुर्भावनापूर्वक भारतीय जनता पार्टी से संबंध रखने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि कांग्रेस के नेताओं को प्रशासन स्वयं सहयोग कर रहा है। श्री राकेश सिंह ने कहा कि गुना से सांसद डॉ. के.पी.यादव के खिलाफ पुलिस ने जिस तरह से आधी रात को केस दर्ज किया है, उससे स्पष्ट है कि पुलिस ने यह कार्रवाई सरकार में बैठे लोगों के दबाव में की है। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि जिस सरकार के अधिकारी जाति प्रमाण पत्र मामले में कांग्रेस विधायक जजपालसिंह जज्जी को बरी कर रहे हैं, वही अधिकारी एक छोटी सी त्रुटि को लेकर भाजपा सांसद को दोषी करार दे देते हैं। श्री सिंह ने कहा कि फॉर्म भरने के दौरान श्री यादव के हाथों जो त्रुटि हुई थी, उसे ठीक कराने के लिए भी उन्होंने पहले से आवेदन दे रखा है, लेकिन उस आवेदन पर विचार किए बगैर सांसद डॉ. यादव के खिलाफ केस दर्ज कराना यह बताता है कि यह सब एक सुविचारित रणनीति के तहत किया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार की इस तरह की कार्रवाई से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और पार्टी जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की बेईमानी, भेदभाव और हथकंडेबाजी को बेनकाब करेगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment