जनता को भगवान, महिलाओं को बहन, बेटियों को भांजी और तंत्र से उनका करवाते हैं अपमान

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा मुख्यमंत्री माफी मांगे

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता को भगवान, महिलाओं को बहन, बेटियों को भांजी मानते हैं और तंत्र से उनका अपमान करवाते हैं। सिंह ने कहा कि यही मुख्यमंत्री का पाखंड हैं।

सिंह ने कहा कि भिंड में आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में एक साथ महिला-पुरूष उम्मीदवारों का एक ही कमरे में मेडिकल करने को शिवराज सरकार की निर्लज्जता बताया। सिंह ने कहा कि अपनी सरकार के अंतिम दिन गिन रहे मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को प्रताड़ित करने पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व धार जिले में लोगों की छाती पर उनकी जाति लिखी थी। इसके पहले गांव में लोगों के घरों के दरवाजे पर ''मैं गरीब हूँ'' का तमगा चस्पा किया था। भोपाल सेंट्रल जेल में माथे पर पहचान अंकित की थी।

नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि एक के बाद एक जनता का अपमान करने, महिलाओं की आन पर आंच आने देने वाले मुख्यमंत्री किस मुंह से जनता को भगवान कहते हैं। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने इन कृत्यों के लिए माफी मांगना चाहिए। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment