चुनाव हमारे लिए चुनौती नहीं अवसर हैं: राकेश सिंह

लोकसभा अध्यक्ष महाजन से प्रदेश अध्यक्ष ने भेंट की

देवास जिले की तीन विधानसभाओं में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमारे सामने कोई चुनौती नहीं हैं। चुनाव हमारे लिए चुनौती नहीं अवसर हैं क्योंकि हमारी सरकार ने जनकल्याण के इतने काम किए हैं कि कार्यकर्ता विश्वास के साथ जनता के बीच जायेंगे और चौथी बार भी परिश्रम की पराकाष्ठा कर जनता के विश्वास से अबकी बार 200 पार करेंगे। ताकि हम समाज की और अच्छी सेवा कर सके। यह बात सिंह ने खातेगांव (देवास) के तीन बत्ती चौराहा पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। 

राकेश सिंह ने प्रातः इंदौर खजराना गणेश मंदिर पूजा अर्चना कर प्रदेश के सुख, समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के निवास पहुँचकर उनका आशीर्वाद लिया। उनके साथ पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, महापौर मालिनी गौड़, महेन्द्र हार्डिया, संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावडा, जिला अध्यक्ष कैलाश शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर मौजूद थे। जिसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष बागली, खातेगांव होते हुए होशंगाबाद के लिए रवाना हुए।

प्रदेश अध्यक्ष के देवास जिले में प्रवेश करने पर हाटपिपल्या विधानसभा (देवास) के डबलचौकी पर प्रदेश शासन के मंत्री दीपक जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिसके पश्चात चापडा में बागली विधायक चंपालाल देवड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर राकेश सिंह की अगवानी की। खातेगांव के तीन बत्ती चौराहा पर विधायक आशीष शर्मा के नेतृत्व में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पास देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेतृत्व हैं जो आज पूरे विश्व का नेतृत्व कर रहे हैं। अमित शाह जैसे कुशल रणनीतिकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जैसा नेतृत्व हम कार्यकर्ताओं को मिला हैं। कार्यकर्ता अपनी मेहनत के बूते मिशन 2018 और 2019 को साकार करेंगे।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गोपीकृष्ण व्यास, मोर्चा जिला अध्यक्ष वीरेन्द्रसिंह राजावत, संतोष मंडलोई सहित पार्टी एवं मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता नेमावर, खातेगांव, कन्नौज के नगरीय निकाय अध्यक्ष सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। राकेश सिंह संदलपुर, पिपल्यानानकर, बोरधा, नसरूल्लागंज, रेहटी, सलकनपुर, बुधनी होते हुए होशंगाबाद रवाना हुए। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment