संविधान बचाओ यात्रा के बजाए कांग्रेस आत्म परीक्षण करे

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस संविधान बचाओ यात्रा निकालने के पहले आत्म परीक्षण करें। उसे आइने में झांकना चाहिए कि देश के संविधान की गरिमा का क्षरण करने की स्वयं कांग्रेस दोषी हैं। जहां तक दलित आदिवासी के हित संरक्षण का दिखावा करने का सवाल हैं तो राहुल गांधी कांग्रेस के इतिहास में झांकने का कष्ट करें। कांग्रेस ने संविधान शिल्पी डाॅ. भीमराव अंबेडकर को लोकसभा में प्रवेश करने के लिए रोकने का पाप किया। उन्हें पराजित करने के लिए पं. नेहरू स्वयं प्रचार करने पहुंचे थे। बाबू जगजीवन राम की इतनी उपेक्षा की कि उन्हें प्रधानमंत्री की दौड़ से ही बाहर कर दिया। इसी तरह जनजाति के नेताओं को आगे बढ़ने से रोकने में मध्यप्रदेश में क्या नहीं किया गया। आदिवासी नेता शिवभानु सोलंकी को विधायक दल में बहुमत प्राप्त था लेकिन मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया। इसी तरह अरविन्द नेताम और दिलीप सिंह जूदेव की लगातार उपेक्षा की गयी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भले ही स्मृति दोष हो गया हैं लेकिन देश और प्रदेश की जनता सब जानती हैं। राहुल गांधी अपने से पूंछे कि कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ो के साथ ऐसा दुर्व्यवहार क्यों किया ? जब-जब चुनाव आते हैं कांग्रेस उनकी हमदर्द बनकर ढोंग करती हैं।

उन्होंने कहा कि संविधान बचाने की यात्रा निकालने के पहले राहुल गांधी आपातकाल पर गौर करें। आपातकाल थोपकर कांग्रेस ने ही संविधान को खूंटी पर टांग दिया था। न्यायपालिका में हस्तक्षेप किया था। कांग्रेस ने हमेशा न्यायपालिका पर अतिक्रमण किया। सुप्रीम कोर्ट के अधिकार सीमित किए। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की गरिमा को आघात पहुंचाया और राजभवनों को कांग्रेस भवन में तब्दील करने से गुरेज नहीं किया। कांग्रेस का संविधान देश की जनता के साथ धोखा हैं।

डॉ. विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्ष में संविधान में सौ से अधिक संशोधन किए और कमोवेश 80 से अधिक बार चुनी हुई राज्य सरकारों को अपदस्थ करके संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं। कांग्रेस ने संविधान को खिलौना बनाकर खेला, लेकिन जब-जब सत्ता से कांग्रेस बाहर होती हैं उसे संविधान की फिक्र होती हैं। नरेन्द्र मोदी ने जनादेश प्राप्त किया हैं, लेकिन इस जनादेश का निरादर करके क्या राहुल गांधी संविधान का निरादर नहीं कर रहें हैं ? (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment