कांग्रेस अपनी अस्तित्व की लड़ाई में किसानों को कवच बना रही हैः डॉ. विजयवर्गीय

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि जब-जब चुनाव आते हैं कांग्रेस को किसानों की याद आती हैं और किसानों के हित संरक्षण को ढाल बनाती हैं। आजादी के बाद कांग्रेस ने खेती और किसान को दुर्लक्ष्य का शिकार बनाया। आजादी के बाद जीडीपी में जहां खेती का योगदान 54 प्रतिशत था कांग्रेस के शासन के 6 दशकों में घटकर 13 से 14 प्रतिशत रह गया। कांग्रेस ने खेती के लिए कर्ज पर 18 प्रतिशत ब्याज वसूला और किसानों के मवेशी, उपकरण, बर्तन तक कुर्क कराए। आज कांग्रेस ऐसे समय किसानों के लिए घड़ियाली आंसू बहा रही हैं। जब भाजपा सरकार ने किसानों की खुशहाली के लिए खजाना खोल दिया हैं। जीरो प्रतिशत ब्याज पर मध्यप्रदेश में कर्ज दिया जा रहा हैं। समर्थन मूल्य पर जिन्सों की खरीदी की जा रही हैं। मूल्य स्थिरीकरण में भावांतर भुगतान योजना किसानों के लिए वरदान साबित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि किसान तो भाजपा सरकार के प्रोत्साहन से खुशहाली के मार्ग पर अग्रसर हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस जानबूझकर किसानों को भ्रमित करने का असफल प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दरअसल कांग्रेस अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए प्रदेश के किसानों को कवच के रूप में इस्तेमाल कर रही हैं। संकट में किसान नहीं कांग्रेस हैं। कांग्रेस अपने अस्तित्व की लडाई में किसानों को ढाल बना रही हैं।

डॉ. विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश में जहां कांग्रेस ने साढ़े पांच दशकों के शासन में सिंचाई का रकबा साढ़े सात लाख हेक्टेयर किया था। भाजपा सरकार ने इसे 14 साल में 40 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया हैं और आने वाले वर्षो में 80 लाख हेक्टेयर सिंचन क्षमता होने पर हर खेत को पानी एक वास्तविकता होगी। कांग्रेस के शासन में मध्यप्रदेश अंधकार में था। बिजली कभी कभी आती थी। भाजपा सरकार ने प्रदेश को बिजली के मामले में सरप्लस स्टेट बना दिया हैं। गांवों में 24 घंटा बिजली सुलभ हैं। कांग्रेस को किसानों को मिल रही सुविधाएं रास नहीं आ रही हैं और कांग्रेस उन्हें ढाल बना रही हैं। अन्नदाता किसान कांग्रेस के झांसे में आने वाले नहीं हैं। (खबरनेशन / Khabarnation) 
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment