कांग्रेस ने सिर्फ सत्ता प्राप्ति के लिए किया महात्मा गांधी के नाम का जापः

 गांधी जयंती पर प्रदेश अध्यक्ष ने जबलपुर में किया गांधी संकल्प यात्रा का शुभारंभ

   प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र में सांसदों के नेतृत्व में शुरू हुई गांधी संकल्प यात्रा

 

                भोपाल। गांधी जी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि जीते जागते विचार थे और उन विचारों की प्रासंगिकता आज भी है। लेकिन दुर्भाग्य से गांधी जी के विचारों का अनुसरण कर उन्हें समाज के साथ एकात्म करने की दिशा में पूर्ववर्ती सरकारों ने कोई सार्थक प्रयास नहीं किया। कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम का जाप सिर्फ सत्ता प्राप्ति के लिए किया। जबकि सच्चे अर्थो में गांधी जी ने अपने विचारों के माध्यम से समाज को जिन विषयों से जोड़ना चाहा, उन सभी विषयों को मोदी सरकार समाज में जनआंदोलन के रूप में प्रस्तुत कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने जबलपुर में ‘गांधी संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ करते हुए कही।

                राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर बुधवार को प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में सांसदों के नेतृत्व में गांधी संकल्प यात्रा का शुभारंभ हुआ। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने जबलपुर में टाउन हाल स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गांधी संकल्प यात्रा की शुरूआत की। इस दौरान श्री राकेश सिंह ने पूर्व विधानसभा के बेलगांव तिराहा यात्रा मार्ग में स्वच्छता सेवकों का सम्मान किया। झामनदास चौक में सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति के लिए स्थानीय व्यापारियों से अपील की।

गांधी जी के विचारों से समाज को जोड़ रही मोदी सरकार

                श्री राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम पर सत्ता हासिल की, लेकिन कांग्रेस के किसी भी प्रधानमंत्री ने गांधीजी के सर्वाधिक प्रिय विषय स्वच्छता से समाज को जोड़ने का काम नहीं किया। क्या वजह है कि स्वदेशी, पर्यावरण और जल संरक्षण जैसे मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी समाज को जोड़ने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया। गांधीवादी विचारों के आधार पर जीवन जीने की बात हो या नशामुक्ति, जलसंरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की बात हो, केन्द्र सरकार गांधीजी से जुड़े हर विषय पर प्राथमिकता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत का जो संकल्प लिया है, वह गांधीजी के विचारों से ही निकला अभियान है।

गांधी जी के विचारों को अपनाने का संदेश दे रही पदयात्राएं

                प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गांधी जी के विचार देश और समाज के बीच पहुंचें इस दिशा में केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में सांसदों के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पदयात्राओं पर निकले हैं। कार्यकर्ता पदयात्रा के माध्यम से समाज को गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी ऐसी कुरीतियां हैं,  जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है। पदयात्रा के माध्यम से ऐसे विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ता जनता से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पंचनिष्ठाओं में गांधीवादी  समाजवाद एक निष्ठा के रूप में मौजूद है और इसी दिशा में भारतीय जनता पार्टी गांधीजी के विचार को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

                इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जीएस ठाकुर, विधायक अशोक रोहाणी, नंदिनी मरावी, डॉ स्वाति गोडबोले, जिप अध्यक्ष मनोरमा पटेल, यात्रा समन्वयक पूर्व महापौर प्रभात साहू, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे, पूर्व विधायक शरद जैन, हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, प्रतिभा सिंह, आशीष दुबे, सदानंद गोडबोले, एसके मुद्दीन, डॉ जितेंद जामदार, संजय चौधरी, अखिलेश जैन, सुमित्रा वाल्मीकि, सुरेन्द्र राठौर, संदीप जैन, राजेश मिश्रा, शिवराम बेन के साथ जिला पदाधिकारी, एमआईसी सदस्य, पार्षद एवँ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment