किसानों के हितों के लिये कर्ज लेने से भी पीछे नहीं हटेगी सरकारः शिवराजसिंह चौहान

 


किसान हितैषी निर्णयों के लिए किसान मोर्चा ने किया मुख्यमंत्री श्री चौहान का सम्मान

 खबर नेशन Khabar Nation

                भोपाल। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे किसान हितैषी निर्णयों के लिए भाजपा किसाना मोर्चा की ओर से गुरुवार को मिंटो हाल में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का अभिनंदन किया गया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत के नेतृत्व में किसानों ने पगड़ी पहनाकर और हल भेंटकर मुख्यमंत्री जी का सम्मान किया। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री रामखेलावन पटेल और पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह भी उपस्थित थे।   

                उपस्थित किसान मोर्चा पदाधिकारियों एवं किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार खजाने में पैसे नहीं होने का रोना रोती थी। लेकिन आत्मा सही तो परमात्मा भी सहयोग करता है। यही कारण है कि भाजपा सरकार ने पहले भी किसानों के हित में निर्णय लिए थे और अभी भी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में गरीब और किसान की मदद करने से सरकार पीछे नहीं हटेगी और इसके लिए कर्ज भी लेना पड़ा तो सरकार हिचकेगी नहीं। उन्होंने कहा कि उनके मन में छोटे किसानों के लिये कुछ करने की पीड़ा थी, विचार आया कि यदि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6,000 रुपये में प्रदेश सरकार अपनी ओर से 4,000 रुपये मिला दे तो प्रतिवर्ष किसानों को 10 हजार रुपये मिलंगे और उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल से कर्ज माफी का ढ़िढोरा पीटने वाली कांग्रेस सरकार से कई गुना अधिक राशि तो भाजपा सरकार ने कुछ ही माह में किसानों को प्रदान कर दी है। अकेले फसल बीमा की 7,590 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खाते में जमा की जा चुकी है। गेहूँ खरीदी पर सरकार ने किसानों को 24 हजार 800 करोड़ रुपये का भुगतान किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि केन्द्र द्वारा किसानों के हित में पारित ऐतिहासिक कृषि विधेयक किसानों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लायेंगे। किसानों का हित सरकार की मुख्य प्राथमिकता है।

                श्री रणवीरसिंह रावत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी लगातार किसानों के हित में निर्णय लेते जा रहे हैं। किसान सम्मान निधि में प्रदेश सरकार की ओर से 4 हजार रुपये की वृद्धि छोटे किसानों के कठिन जीवन को सरल बनायेगी। श्री रावत ने कहा कि कांग्रेस खोखले दावे करती है, जबकि माननीय मुख्यमंत्री पूरे दम के साथ अपने वादों को पूरा करते हैं।

                कार्यक्रम में किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्री देवेन्द्र सिंह नरवरिया, श्री मान सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री पदम सिंह ठाकुर, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री संदीप श्रीवास्तव, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी श्री सुनील चौहान, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री श्री अशोक मीणा, राजगढ़ किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री देवी सिंह रुहेला, रायसेन मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री ओम मीणा, भोपाल ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री अशोक मीना, देवास जिलाध्यक्ष श्री कृष्णकांत मीणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री रामेश्वर मोहे, श्री आनंद कुर्मी, श्री प्रयागराज रघुवंशी सहित कई किसान उपस्थित थे।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment