राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप देश भर में नया इतिहास रचेगाः विष्णुदत्त शर्मा

खेल Dec 16, 2022

खबर नेशन / Khabar Nation

पन्ना में 25 वीं यूथ ओपन महिला पुरूष राष्ट्रीय वॉलीवाल चैंपियनशिप शुरू
प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष एवं प्रदेश शासन के मंत्रीगण ने किया शुभारंभ
पन्ना:
पन्ना की पहचान डायमंड सिटी के तौर पर होती है, क्योंकि यहां पर देश के सबसे अच्छे हीरे मिलते है। साथ ही पन्ना टाइगर रिजर्व और वर्ल्ड हेरीटेज सिटी खजुराहो के कारण भी देश में इसी नगरी की अलग पहचान है। पन्ना में आयोजित हो रही 25 वीं यूथ ओपन महिला, पुरूष राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप से पन्ना की एक अलग पहचान होगी। यह प्रतियोगिता देश में नया इतिहास रचेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को पन्ना के तलैया मैदान में आयोजित 25 वी यूथ ओपन महिला, पुरुष राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ पर कही। शुभारंभ के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, प्रदेश शासन के मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, बृजेंद्र प्रताप सिंह, विधायक प्रहलाद लोधी उपस्थित थे।
शुक्रवार को पन्ना में 25 वी यूथ ओपन महिला, पुरुष राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप की शुरूआत हुई। सर्वप्रथम चैंपियनशिप में शामिल टीमों का मार्च पास्ट निकाला गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, क्षेत्रीय विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह सम्मिलित हुए। शहर भर में मार्चपास्ट का भव्य स्वागत किया गया। मार्चपास्ट शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए तलैया मैदान पहुंचा, जहां चैंपियनशिप का विधिवत अतिथियों ने शुभारंभ किया।
चैंपियनशिप का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रीय सांसद व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि चैंपियनशिप में देश के कई राज्यों से टीमें शामिल हुई है। आज पन्ना की इस भूमि पर लघु भारत दिख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इच्छानुरूप हमने खेल महोत्सव आयोजित किया था। प्रत्येक पंचायत एवं मंडल की टीमों से खिलाडी निकले। ट्रेडिशनल गेम भी आयोजित किए गए थे। राष्ट्रीय वॉलीवाल चैंपियनशिप के इस आयोजन से यहां के युवाओं को भी इस खेल के प्रति रूचि बढेगी और अच्छे खिलाडी निकलेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि जी-20 देश के बैठकें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित हो रही है। हमारा सौभाग्य है कि खजुराहो को भी इसका अवसर मिला है। खजुराहो में आयेजित होने वाली बैठक में देश और दुनिया के लोग आयेंगे। पन्ना के डायमंड और नेशनल पार्क को भी देखेंगे। पन्ना की जनता उनके स्वागत के लिए तैयार है।
खिलाड़ियों के लिए बनेगा भव्य मैदान
विष्णुदत्त शर्मा ने खिलाडियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस खेल में मेरी विशेष रूचि है। क्योंकि मैं भी वॉलीवाल का खिलाडी रहा हूं। इसलिए मेरी इच्छा थी कि यह चैंपियनशिप पन्ना में हो। आज वह सुअवसर है कि राष्ट्रीय वॉलीवाल चैंपियनशिप पन्ना में आयोजित हो रही है। श्री शर्मा ने कहा कि पन्ना के खिलाडियों के लिए इस मैदान को भव्य बनाया जायेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि इस ग्राउंड के नामकरण के लिए अपने सुझाव दें। जनता के सुझाव पर ही इस मैदान का नामकरण किया जायेगा।
खेल भावना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान : गौतम
विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने चैंपियनशिप में भाग लेने वाली टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो जुझता है, संघर्ष करता है वही आगे बढता है। इस खेल की एक अलग पहचान है। जीवन में खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। खेल भावना ही सच्चे खिलाडी की पहचान है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश शासन की मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति इतनी श्रेष्ठ है कि हम सब खेल खेलते हुए अनुशासन सीख जाते हैं। खनिज मंत्री बृजेन्द्रप्रताप सिंह ने कहा कि पन्ना के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है कि देश भर के विभिन्न राज्यों के खिलाडी इस प्रतियोगिता में शामिल हो रहे है। उन्होंने कहा कि पन्ना में खेल का विशेष माहौल है। यहां के लोग खिलाडियों का सम्मान करते है। हमारे जिले में बहुत सी प्रतिभाएं है जो इन खेलों से प्रेरणा लेकर आगे बढेगी।
ये थे मौजूद
कार्यक्रम में पन्ना जिलाध्यक्ष रामबिहारी चौरसिया, छतरपुर जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजेश परमार, उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पांडे, उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, जय प्रकाश चतुर्वेदी, रामअवतार पाठक, सतानंद गौतम, आशुतोष मेहदेले, श्रीमती उषा सोनी, मंदसौर जिला महामंत्री विजय अटवाल, सेक्रेटरी जनरल व्ही.इफ.आई. अनिल चौधरी, अर्जुन अवार्ड विजेता श्रीधरण, व्ही.इफ.आई. उपाध्यक्ष विजय पाल सिंह, सुनील तिवारी, जागीर सिंह रंधावा, हरि सिंह चौधरी, पूर्व विधायक एवं व्ही. इफ.आई. प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह, खेल प्रकोष्ठ कि प्रदेश संयोजक श्रवण मिश्रा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी, विवेक मिश्रा, राजेश वर्मा, दीपेंद्र सिंह, सुशील त्रिपाठी, बृजेंद्र मिश्रा उपस्थित थे।

 

लिखें और कमाएं        
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment