कमलनाथ सरकार अपनी विदाई की बेला में भी इस तरह के कार्य कर रही है, इसको देखकर राजशाही की याद आ रही है: गोपीकृष्ण नेमा

राजनीति Mar 18, 2020

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने मध्यप्रदेश सरकार पर अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार अपनी विदाई की बेला में भी इस तरह के कार्य कर रही है, जिसे देखकर राजशाही की याद आ रही है।
आपने कहा कि पहले जब राजाओं के बीच युद्ध होते थे, तो हारने वाला राजा अपनी पराजय  को देखकर अपने परिवार, धन- संपत्ति लेकर राज्य छोड़कर भागता था, और अपनी सेना को आदेश देकर जाता था कि वह कुआं- तालाबों में जहर मिला दें। खलियानों व खेतों की फसलों को जला देना, ताकि आने वाले राजा को कुछ प्राप्त ना हो सके और वह परेशान होता रहे।
आपने कहा कि  इसी तर्ज पर कमलनाथ सरकार भी अधिकारियों से लिए हुए एडवांस के बदले में लगातार ट्रांसफर आॅर्डर निकाल रही है, साथ ही धड़ाधड़ नई नियुक्तियां भी कर रही है। कर्मचारियों व अन्य वर्गों के लिए  कई नई घोषणाएं भी कर रही है। अल्पमत की यह सरकार अभी भी अपना इस्तीफा देने में आनाकानी कर रही है। जबकि कमलनाथजी को मालूम है कि वे अब  प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। फिर भी इस तरह के अवैध ट्रांसफर आर्डर और नियुक्तियां करके वे आने वाली भाजपा सरकार को परेशानी में डालने का कृत्य कर रहे है।
उनके यह सभी कार्य यह  सिद्ध कर रहे हैं कि उन्होंने अपनी हार को स्वयं स्वीकार कर लिया है। अभी भी समय है कमलनाथजी ये नियुक्तियां और ट्रांसफर बंद कर दो, साथ ही सरकार अल्पमत में होने के कारण  प्रजातंत्र का सम्मान करते हुए उन्हें अविलंब अपना इस्तीफा दे देना चाहिये।  नहीं तो प्रदेश की जनता कभी भी उन्हें माफ नहीं करेगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment