कमलनाथ सरकार किसान संगठनों को आगे लाकर अपनी नाकामियां छुपा रही हैः रणवीर सिंह रावत

राजनीति May 29, 2019

खबर नेशन/Khabar Nation  
 
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने कहा कि किसान संगठनों को आगे लाकर अपनी नाकामियों को छुपाने का काम कमलनाथ सरकार कर रही है। 5 माह में ही मध्यप्रदेश के किसान बदहाली के दौर में पहुंच गए हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार इसका प्रमाण है। किसानों के प्रति अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने और किसानों के बीच बढ़ रहे गुस्से को सम्हालने के लिए कांग्रेस ने ऐसे किसान नेताओं को आगे करने का प्रयास किया है जो विधानसभा चुनाव में पर्दे के पीछे से कांग्रेस की मदद कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी का झूठ सबके सामने आ गया है। कांग्रेस ने वचन पत्र में सभी फसलों पर बोनस देने का वादा, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी का वादा, मंडी में 3 दिन में नगद भुगतान देने जैसे कई वादे किए थे जो झूठे साबित हो गए। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की कटौती शुरू हो गई। इन सबसे बचने के लिए कमलनाथ सरकार ने किसानों के नाम पर अपना स्वार्थ सिद्ध करने वाले किसान संगठनों को आगे कर दिया जो सरकार की नाकामियों को छुपाएंगे।

रावत ने कहा कि चुनाव के समय किसानों को वोट बैंक समझने वाली कांग्रेस सरकार ने किसानों का कभी भला नहीं किया और भविष्य में भी नहीं करेगी। कांग्रेस की तरह ही किसान हितैषी होने का नकाब ओढ़े कुछ किसान संगठन अपने निजी स्वार्थ के लिए प्रदेश के किसानों को गुमराह कर रहे हैं। प्रदेश के किसानों को ऐसे संगठनों से सावधान रहने की आवश्यकता है। इन किसान संगठनों ने कांग्रेस सरकार की नाकामी को छुपाने के लिए गांव-गांव जाकर किसानों से चुनावों का बहिष्कार करने की भी बात कही थी, जिसके पीछे इनकी यही मानसिकता थी कि किसानों के मन में पल रहा रोष कांग्रेस के विपरीत न जाए और उसका लाभ भाजपा को नहीं मिले। लेकिन ऐसे किसान संगठनों को किसानों ने अंगूठा दिखाकर नरेन्द्र मोदी के पक्ष में वोट किया।

इसी बात से डरी हुई कांग्रेस ने इन तथाकथित किसान संगठनों को आगे कर दिया है। किसान मोर्चा अध्यक्ष रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कि प्राथमिकता में सदैव किसान रहा है। केन्द्र में मोदी सरकार और प्रदेश में शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में किसानी को फायदे का धंधा बनाने के लिए अनेकों योजनाएं चलायी। प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ किसान मोर्चा सड़कों पर उतरेगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment