अंतिम संस्कार के पैसे भी छीन लिए, कांग्रेस क्या समझेगी गरीबों का दर्दः शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Apr 15, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- कांग्रेस को चुनाव के समय ही याद आते हैं गरीब

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। लोकसभा के चुनाव आए, तो कांग्रेस को गरीब याद आ रहे हैं। पहले इंदिरा जी, फिर राजीव जी और मनमोहनसिंह जी भी कहते रहे कि गरीबी हटाओ, लेकिन साठ सालों में गरीबी नहीं हटी। ये गरीबों का भला नहीं चाहते, इन्होंने मध्यप्रदेश में गरीबों के लिए बनी संबल योजना बंद कर दी। इन्होंने गरीबों को अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाले पांच हजार रुपए भी छीन लिए। ये क्या गरीबों का दर्द समझेंगे। यह बात शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने महाराष्ट्र के नांदुरा और धारणी में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि गरीबों का दर्ज अगर कोई समझता है, तो वो हैं हमारे प्रधानमंत्री मोदी ।

हर जगह झूठ बोलते हैं राहुल गांधी

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दुनिया के सबसे बड़े झुठेले हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कहा कि कांग्रेस की सरकार बनाओ,  10 दिन में किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। नहीं हुआ,  तो 11 वें दिन मुख्यमंत्री को हटा देंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोग राहुल गांधी से सावधान रहें, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने 120 दिन हो गए हैं, लेकिन किसी का कर्ज माफ नहीं हुआ। इधर, मुख्यमंत्री कमलनाथ इंतजार कर रहे थे कि कब लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगे और कर्जमाफी से जान छूटे। शाम 5 बजे आचार संहिता लगी, उन्होंने दोपहर 1 बजे ही मैसेज कर दिया कि अब कर्जमाफी चुनाव बाद करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की इस धोखेबाजी से प्रदेश के कई किसान डिफाल्टर हो गए हैं। राहुल गांधी ने नौजवानों से कहा बेरोजगारी भत्ता दूंगा। मोबाइल की फैक्ट्री लगा दूंगा, जिससे रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उनके लिए मवेशी चराने और बैंड बजाने का रोजगार ढूंढा है।

कांग्रेस की संस्कृति भ्रष्टाचार की

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की संस्कृति में जमीन-आसमान का फर्क है। एक तरफ हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी है, जिनका जीवन पारदर्शिता भरा है। मोदी जी ने अपना सारा जीवन भारतमाता के चरणों में समर्पित कर दिया। दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसकी सरकार बनते ही मध्यप्रदेश में विकास ठप्प हो गया है,  बस ट्रांसफर उद्योग चल रहा है। मध्यप्रदेश में अब कानून व्यवस्था का मतलब है पैसे ला ऑर्डर ले जा। लूट मची है लूट। पूरे प्रदेश में लोग त्राहि त्राहि कर रहे हैं। महाभ्रष्टाचार शुरू हो गया है। इसीलिए जब आयकर वालों ने छापा मारा तो  281 करोड़ मय हिसाब के बरामद हुए। ये कांग्रेस है,  जो जनता का पैसा चोरी करके चुनाव लड़ने में लगाती है।

सब बराबर हैं, लेकिन तुष्टिकरण बर्दाश्त नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार कश्मीर से धारा 370 खत्म करेगी। उन्होंने कहा कि हम सब को बराबर मानते हैं,  लेकिन तुष्टिकरण किसी का बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को देश की एकता, अखंडता से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं है। हम शांति के पक्षधर हैं, लेकिन आतंकियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। मैं आतंकियों से कहना चाहता हूं कि गोली चलाओगे, तो बिरयानी नहीं खिलाएंगे, कहीं भी छुप जाओ, ढूंढ-ढूंढकर मारेंगे। ये नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाला नया भारत है।

हर जगह विकास कर रही भाजपा

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि देश के अधिकांश भाग में भाजपा की सरकारें हैं और इन सरकारों ने जो विकास किया है, वह देखने लायक है। महाराष्ट्र को देख लीजिए, नितिन गडकरी ने ने और यहां की सरकार ने जो काम किए हैं, उन्हें देखकर गर्व होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने किसान भाइयों को 6 हजार रुपए सम्मान निधि के रूप में देने का फैसला किया है। 2022 तक देश के सभी गरीब परिवारें को पक्के मकान दे दिए जाएंगे, यह भाजपा का वचन है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों का मान हैं, माता-बहनों का सम्मान हैं, गरीबों का अभिमान हैं, युवाओं की शान हैं और नए भारत की पहचान हैं। उनके नेतृत्व में एक शक्तिशाली, समृद्धिशाली और वैभवशाली भारत का निर्माण हो रहा है।

नए भारत का उदय हो रहा है

चौहान ने कहा कि मुंबई में आतंकी हमला हुआ, यूपीए सरकार ने बयानबाजी के अलावा क्या किया। अब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं, जिनकी बात करो तो छत्रपति शिवाजी महाराज याद आ जाते हैं। उड़ी में हमला हुआ, हमारी सेनाओं ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर दी। पुलवामा में हमला हुआ, जिसमें महाराष्ट्र के भी जवान शहीद हुए। हमारी वायुसेना ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक की। आतंकियों को बरबाद कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने पहले ही कह दिया था कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और कोई हमें छेड़ेगा, तो हम छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहाक विंग कमांडर अभिनंदन दुश्मन के विमान का पीछा करते हुए पाकिस्तान पहुंच गए थे। अगर यूपीए की सरकार रहती तो, विंग कमांडर अभिनंदन वापस नहीं आ पाते। हमारी सरकार ने पाकिस्तान से कह दिया था, अभिनंदन का बाल भी बांका हुआ, तो खैर नहीं। उन्होंने कहा कि आज सारी दुनिया इस मुद्दे पर भारत के साथ खड़ी है।

मोदी जी को जिताइये, फिर बुलंद होगा शिवाजी महाराज का झंडा

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विपक्षी दल मोदी को रोज गाली देते हैं। उनके विरोध में सब एक हो रहे हैं। बुआ को जब बबुआ की पार्टी के लोग मारने आए थे, तो भाजपा ने बचाया था, लेकिन अब वे हाथ मिला रहे हैं। ममता दीदी, चंद्राबाबू सब साथ आ रहे हैं। लेकिन अगर इनकी सरकार बनी, तो प्रधानमंत्री कौन होगा, यह तय नहीं। यदि ऐसा हुआ, तो हर दिन प्रधानमंत्री बदलेगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बिना दूल्हे की बारात है। चौहान ने कहा कि जोड़तोड़ की सरकारें हमने देखी हैं, ये देश को तबाह कर देंगे। देश को प्रधानमंत्री चाहिए, तो नरेंद्र मोदी जैसा चाहिए। ये पार्टियां देश बचा भी नहीं सकतीं और बना भी नहीं सकती। देश बनाएंगे तो भाजपा और एनडीए। उन्होंने कहा कि हम शिवसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में छत्रपति शिवाजी महाराज का झंडा फिर बुलंद होगा। सारी दुनिया में भारत का डंका बजेगा। इसलिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जिताइये और मोदी जी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाइये।

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment