कांग्रेस बेईमान, उसे देश से मतलब नहीं: शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Apr 12, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा-महलों में रहकर राजनीति करते हैं कांग्रेस के नेता

खबरनेशन/Khabarnation   

टीकमगढ़। कांग्रेस बेईमान है। उसे देश और उसके विकास से कोई मतलब नहीं है। उसे देश की जनता से कोई लेना देना नहीं है। क्या कांग्रेस के किसी मुख्यमंत्री को कभी खेतों में देखा है? कांग्रेस के नेता महलों में रहकर राजनीति करते हैं। इसलिए प्रदेश की जनता लोकसभा चुनाव में उसे सबक सिखाएगी। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को टीकमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र खटीक के समर्थन में आयोजित जनसभा में कही। सभा के उपरांत श्री चौहान ने श्री खटीक का नामांकन पत्र भी जमा कराया।

जो काम हमने किया, कांग्रेस कभी नहीं कर सकी

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने सभा की शुरुआत विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटें जिताने के लिए टीकमगढ़ जिले की जनता को प्रणाम करके की। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ जिले और मध्यप्रदेश में पिछले 15 सालों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो काम किया है, कांग्रेस उसका दसवां हिस्सा भी नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी की बात हो, या फिर स्कूल-कॉलेज शुरू करने की, हमने विकास में कोई कसर नहीं रखी। उन्होंने कहा कि विकास के क्षेत्र में हमारी उपलब्धियां गर्व करने लायक हैं।

विधानसभा की कसर लोकसभा चुनाव में निकालेंगे किसान

चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के लोगों को बड़े सपने दिखाए। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने साढ़े तीन महीने हो गए हैं। कांग्रेस ने कहा था- चुनाव हो जाने दो सोयाबीन के 500 रुपए क्विंटल देंगे। लेकिन किसी किसान को मिला क्या? उन्होंने  मूंग के पैसे नहीं दिए, उड़द के पैसे नहीं दिए, और अब आप देखना गेहूं में भी सरकार को पसीना आ जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी के चलते किसान बेहाल हैं और मैं जहां भी जाता हूं मुझसे यही कहते हैं कि विधानसभा चुनाव में गलती हो गई, अब लोकसभा चुनाव में विधानसभा चुनाव की कसर ब्याज सहित निकालेंगे।

किसानों की दुर्दशा के लिए राहुल गांधी, कमलनाथ जिम्मेदार

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी कहते थे कि 10 दिन में कर्ज माफी कर देंगे। अगर नहीं हुई, तो ग्यारहवें दिन मुख्यमंत्री बदल दूंगा। इस हिसाब से अब तक 11 मुख्यमंत्री बदल देना चाहिए था। कर्ज माफी हुई नहीं और राहुल कहते हैं हमने दो घंटे के अंदर कर्ज माफ कर दिए। कमलनाथ कहते हैं, चुनाव के बाद करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की आचार संहिता शाम 5 बजे लगी और कमलनाथ सरकार ने दोपहर एक बजे ही मैसेज कर दिया कि चुनाव के बाद कर्ज माफ करेंगे। चौहान ने कहा कि प्रदेश के किसानों पर 48 हजार करोड़ का कर्ज था, लेकिन सरकार ने कर्जमाफी के लिए बजट में सिर्फ 5 हजार करोड़ का प्रावधान किया। इसमें से भी बैंकों को सिर्फ 1300 करोड़ दिया। इतने पैसे में कैसे कर्ज माफ होगा। अब प्रदेश के किसान घूम रहे हैं। कर्ज बाकी रहा, तो किसान डिफाल्टर होंगे, परेशान होंगे और उनकी इस बर्बादी के लिए राहुल गांधी और कमलनाथ जिम्मेदार हैं।

सब के साथ धोखा किया

चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के हर वर्ग के लोगों से धोखा किया है। उन्होंने किसानों को छला है, बेरोजगारों के साथ धोखा किया है। चुनाव से पहले कांग्रेस ने नौजवानों से कहा था कि 4 हजार रुपए महीने बेरोजगारी भत्ता देंगे। लेकिन आप बताइये किसी नौजवान को भत्ता मिला क्या? कांग्रेस ने रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन अब रोजगार देने के नाम पर मवेशी चराने की बात कर रहे हैं। बैंड बजाने की बात कर रहे हैं। चौहान ने कहा कि कांग्रेस सुन ले, अगर प्रदेश की जनता के साथ अन्याय हुआ, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हम सड़कों पर लड़ाई लड़ेंगे और सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।

कांग्रेस सरकार में हर बात के रेट तय

पूर्व मुख्यंमत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में लूट मचा रखी है। सरकार ने हर काम के रेट तय कर रखे हैं। यहां हर चीज बिकती है, मगर मुफ्त में नहीं। सरकार ने तबादला उद्योग चला रखा है। एक-एक अधिकारी के दिन में चार-चार ट्रांसफर हो रहे हैं। लॉ एंड ऑर्डर का मतलब हो गया है पैसे ला और ऑर्डर ले जा। उसी का परिणाम था कि काली कमाई के 281 करोड़ रुपए पकड़े गए। सारे कांग्रेसी मिलकर प्रदेश को लूट रहे हैं और ऐसा लगता है कि प्रदेश में लुटेरों का राज आ गया है। ये कैसी सरकार है, ये प्रदेश को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था, तो चित्रकूट जैसी घटना होने पर रात-रात भर जागता था। लेकिन कांग्रेस के शासन में स्कूल बस से मासूम बच्चों को उठा लिया। फिरौती भी ले ली और फूल से कोमल बच्चों को मार भी दिया। 

मोदी के खिलाफ एक हो रहे सारे भ्रष्टाचारी

चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी हैं, जो एक शक्तिशाली, गौरवशाली, समृद्धिशाली भारत बनाना चाहते हैं। दूसरी तरफ सारी पार्टियां हैं। मोदी जी के खिलाफ ये सारे भ्रष्टाचारी एक हो गए हैं। ये कहते हैं मोदी नहीं-मोदी नहीं। उन्होंने कहा कि मोदी जी के खिलाफ सारा बैर भुलाकर बुआ-बबुआ एक हो गए। ममता दीदी, देवेगौड़ा जी, चंद्राबाबू जी सारे नेता एक हो रहे हैं। कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा । ये गठबंधन नहीं, ठगबंधन है। जरा सोचिये अगर ये सरकार बनाएंगे, तो वो चलेगी कितने दिन। अगर इनकी सरकार बन गई, तो हर दिन प्रधानमंत्री बदलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बारात में 25 दूल्हे हैं, अगर ये सब घोड़ी पर बैठ गए, तो सोचिए उसका हाल क्या होगा।

भाजपा के लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि

चौहान ने कहा कि भाजपा के लिए देश की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है और मोदी जी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में मुंबई हमला हुआ, लेकिन सरकार के कान पर जूं नहीं रेंगी थी। अब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उड़ी में आतंकवादी हमला हुआ, सर्जिकल स्ट्राइक कर दी । पुलवामा में जब हमारे जवान मारे गए, तो हमारे प्रधानमंत्री ने कह दिया, कोई हमें छेड़ेगा, तो हम छोड़ेंगे नहीं। हमारी एयरफोर्स ने बदला ले लिया। लेकिन अब कांग्रेस के एक नेता कहते हैं, पुलवामा का हमला फिक्सिंग थी, दूसरे नेता कहते हैं ये दुर्घटना थी। कांग्रेस कहती है हमले के सबूत लाओ। श्री चौहान ने कहा कि हमारी सेनाएं युद्ध करने का काम करती हैं, लाशें गिनने का काम गिद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और उसके पाले आतंकवादी सुन लें, अगर हम पर गोली चली, तो हम गोले दागेंगे। 

मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित रहेगा

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है। उनके नेतृत्व में देश सुरक्षित रहेगा, सम्मान के साथ जिएगा। यह मोदी  का ही चमत्कार है कि आज पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है। मोदी जी देश की माता-बहनों का सम्मान हैं, भारत की पहचान हैं, नौजवानों की शान हैं। वहीं, लोकसभा प्रत्याशी श्री वीरेंद्र खटीक जनता को सेवा को समर्पित हैं और उनके मन में कभी घमंड नहीं आया। हमें देश को बचाना है, मोदी की सरकार फिर से बनाना है, तो लोकसभा चुनाव में कमल की बटन दबाइये। देश में फिर से मोदी की सरकार बनाना है, तो वीरेंद्र खटीक जी को जिताइये।

Share:


Related Articles


Leave a Comment