आयकर के छापे में कालिख पुतने के बाद ही सरकार को ई टेंडरिंग की याद क्यों आई ?: रामेश्वर शर्मा

राजनीति Apr 10, 2019

खबरनेशन/Khabarnation   

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने कथित ई टेंडरिंग घोटाले में दर्ज एफआईआर को कमलनाथ सरकार की स्वयं के पाप छिपाने की कोशिश बताते हुए प्रश्न किया है कि सरकार तीन महीने से क्यों सो रही थी ? उसे इस कार्यवाही की याद तब क्यों आई, जब आयकर विभाग के छापों में मुख्यमंत्री के करीबियों के यहां से करोड़ों की दौलत, हथियार, जानवरों की खाल और शराब की बोतलें बरामद हो गई।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि भाजपा की नीति भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टालरेंस की है, हर हालत में देश से और मध्यप्रदेश से भी भ्रष्टाचार समाप्त करना भाजपा का लक्ष्य है। वहीं इसके ठीक विपरीत भ्रष्टाचार का जन्म ही कांग्रेस के कृत्यों के कारण हुआ है। कांग्रेस ने देश में भ्रष्टाचार की कलुषित परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया है। हाल ही में आयकर के छापों में यह उजागर हुआ है कि मात्र 3 महीनों में मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार ने भारी भरकम भ्रष्टाचार करते हुए करोड़ों रूपए इकठ्ठा किए थे। मुख्यमंत्री के करीबियों के यहां से भारी रकम बरामद होने का अर्थ बहुत साफ है कि यह पैसा तबादला उद्योग के जरिए कांग्रेस के कलेक्शन फार इलेक्शन अभियान का हिस्सा था। मुख्यमंत्री के करीबियों से जानवरों की खाल, शराब की बोतलें, अवैध हथियार और बिना रजिस्टेªशन की मंहगी गाड़ियां बरामद होना बेहद शर्म की बात है। अच्छा होता मुख्यमंत्री जी आयकर के छापे पर संबंधित एजेंसी को सहयोग करते हुए अपने सिपहसालारों के यहां से बरामद जखीरे के लिए मध्यप्रदेशवासियों से माफी मांगते और भविष्य में ऐसा भ्रष्टाचार नहीं करने का आश्वासन देते। लेकिन यह काम नैतिकता के बिना हो नहीं सकता और कांग्रेस तथा उनके नेताओं के पास नैतिकता का कोई स्थान नहीं है, इसलिए वे अनैतिक कृत्यों के जरिए ही स्वयं को स्थापित करने में विश्वास करते हैं। 

आज कथित ई टेंडरिंग घोटाले को लेकर सरकार ने चुनाव आचार संहिता के चलते अधिकारियों पर दबाव डालकर जो एफआईआर करायी है, उससे भारतीय जनता पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। यदि इस प्रकार का कोई घोटाला हुआ है और करने वाले दंडित हो सकते हैं तो पार्टी इसका स्वागत ही करेगी, लेकिन जिस प्रकार अफरा तफरी में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर करायी है वह स्पष्ट बताती है कि कमलनाथ सरकार और कांग्रेस पार्टी अपने काले कारनामों पर पर्दा डालने का असफल प्रयास कर रही है। ए से जेड तक भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस के इन हथकंडों को जनता अच्छी तरह समझ रही है और आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का बचा खुचा हिसाब भी जनता चुकता कर देगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment