यह चुनाव सिर्फ सांसद का नहीं, देश का भविष्य का है: शिवराज सिंह चौहान

राजनीति Mar 25, 2019

विजय संकल्प यात्रा के दौरान पिपरिया में सभा को संबोधित किया

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। लोकसभा चुनाव के संघर्ष का शंखनाद हो गया है, युद्ध के नगाड़े बज रहे हैं, सेना आमने-सामने हैं। हमारा सेनापति तो दुनिया को पता है, प्रधानमंत्री 
नरेंद्र मोदी हैं। लेकिन सामने वाली सेना में सेनापति का पता नहीं है। इतने नेता हैं कि प्रधानमंत्री कह दो तो पच्चीस हाथ उठाकर कहने लगते हैं। यह चुनाव सांसद चुनने का न होकर देश का भाग्य और भविष्य चुनने वाला चुनाव है। यह बात रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विजय संकल्प यात्रा के दौरान होशंगाबाद जिले के पिपरिया में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही।

प्रदेश में विकास के काम ठप्प पड़े हैं

चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2018 में भारतीय जनता पार्टी को वोट ज्यादा मिले, लेकिन सीट कांग्रेस को ज्यादा मिल गईं। प्रदेश में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं है। सरकार कब तक चले इसका भरोसा भी नहीं है। प्रदेश में विकास के काम ठप्प पड़े हैं। आज प्रदेश में कांग्रेस के राज में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने चारो तरफ त्राहि-त्राहि मचाई है। सरकार में एक ही काम चल रहा है वह है तबादला उद्योग। थोक में तबादले किए जा रहे हैं। पैसे ला और आर्डर ले जा। लाॅ इन आर्डर का मजाक बना दिया है। होड़ मची है कांग्रेस की सरकार में एक ही काम चल रहा है ‘‘बोलो तुम क्या क्या खरीदोगे’’ यहां तो सब बिकता है। 

कमलनाथ सरकार कर्जमाफी से अपना पल्ला झाड़ रही है

चौहान ने कहा कि किसानों की कर्जमाफी को लेकर सत्ता में आई कांग्रेस ने किसानों के साथ वादा खिलाफी की है। कमलनाथ सरकार को इस बात का इंतजार था कि जल्द से जल्द आचार संहिता लगे और वह कर्जमाफी से अपना पल्ला झाड़ ले। उन्होंने कहा कि आचारसंहिता लगने के चार घंटे पूर्व किसानों के मोबाइल पर कमलनाथ सरकार का यह संदेश पहुंचना कि आचार संहिता के कारण वह कर्जमाफी करने में असमर्थ है। इस बात का प्रमाण है कि सरकार की कभी यह मंशा नहीं रही कि वह किसानों के हित में निर्णय ले। किसानों को छलने और ठगने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। कर्जमाफी के नाम पर लाल, पीले, नीले और हरे रंग के फार्म भरवाकर सरकार ने रंग बदल लिया। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसान के उपज की खरीदी के पोर्टल बंद करके किसानों की किस्मत बंद कर दी है। नई सरकार जबसे आई है अजब सरकार, गजब सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के नाम पर मुख्यमंत्री कमलनाथ नौजवानों को पशु हांकने और बैंड बजाने के लिए योजनाएं बना रहे है। प्रदेश के एक मंत्री गरीबों को मिलने वाली एक हजार रूपए पेंशन का उपयोग बीड़ी तंबाकू पीने में करने के लिए कहते हैं।

हमने पूरे प्रदेश से डकैतों का सफाया कर दिया था

15 वर्ष पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता संभालते समय सिंचाई का रकबा साढ़े 7 लाख हेक्टयर था, जिसे बढ़ाकर हमने 41 लाख हेक्टयर किया। चंबल क्षेत्र और पूरे प्रदेश से डकैतों का सफाया कर दिया था। पुलिस यही थी, प्रशासन यही था, लेकिन हमारी नीयत साफ थी कि मध्यप्रदेश की जनता भय और आतंक के माहौल से मुक्त रहे। लेकिन कांग्रेस की सरकार आते ही डकैतों का राज फिर लौट आया है। हत्या, लूट और अपहरण की घटनाएं बढ़ रही हैं। सतना में 2 मासूमों का अपहरण और उनकी लाशें मिलना,  उसके बाद लगातार अपहरण की घटनाएं सामने आ रही हैं। गरीबों के हितों की संबल जैसी कई योजनाएं कांग्रेस ने बंद कर दी है। गरीब बच्चों की फीस सरकार नहीं भर रही है। इस सरकार ने गरीब का कफन छीनकर अंतिम संस्कार के 5 हजार रूपए भी रोक दिए। बेईमान सरकार में आज प्रदेश में गरीबों के इलाज की व्यवस्था नहीं हो रही है।
गरीबों के लिए मोदी सरकार में जितनी योजनाएं बनी पहले कभी नहीं बनी

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस के नेता लगातार सेना का अपमान कर रहे हैं। हम अपनी तरफ से किसी को छेडेंगे नहीं और किसी ने छेड़ा तो हम छोड़ेंगे नहीं। हमारी सेना गई और आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त किया और सही सलामत वापस आ गए। आज भारत का मान सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। देश में गरीबों के लिए जितनी योजनाएं मोदी सरकार के समय बनी हैं, पहले कभी बनी। उन्होंने कहा कि यदि आज प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार नहीं होती तो गरीबों को आवास योजना का लाभ न मिला होता। माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति नहीं मिली पाती। निर्धन गरीबों का मुफ्त इलाज संभव नहीं हो पाता। आजाद भारत में पहली बार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के माध्यम से प्रत्येक किसान को 6 हजार रूपए डालने का काम किया था,  परंतु प्रदेश सरकार ने केंद्र को किसानों की सूची नहीं भेजी, इसलिए प्रदेश के किसानों के पैसे अटक गए हैं। यह चुनाव अद्भुत चुनाव है एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी चैकीदार हैं और दूसरी तरफ गठबंधन नहीं ठगबंधन है। ये भानुमति का कुनबा देश को बरबाद कर देगा। अब तय आपको करना है कि आपको मजबूत सरकार देने वाले श्री नरेन्द्र मोदी चाहिए या आतंकवादियों के समर्थन में बोलने वाला ठगबंधन। समृद्ध, संपन्न, वैभवशाली, गौरवशाली, स्वाभीमानी और सशक्त भारत बनाने के लिए श्री नरेंद्र मोदी को प्रचंड बहुमत के साथ फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। 

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक  सीताशरण शर्मा, सांसद  कैलाश सोनी,उदय प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष हरि जायसवाल, विधायक विजयपाल सिंह, प्रेमशंकर वर्मा, ठाकुरदास नागवंशी, जालमसिंह पटेल, पूर्व मंत्री  गोविंद सिंह, गौतम, पूर्व विधायक रामकिशन पटेल, नरेश पाठक, मुलायम सिंह, भगवतसिंह पटेल, शिवाजी पटेल, शिव चौबे, माया नरौलिया , अलकेश आर्य, वीरेन्द्र द्विवेदी सहित लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment