ज्यादा नहीं चलेगी सपा, बसपा, निर्दलीयों की बैसाखी पर खड़ी प्रदेश सरकारः शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Mar 14, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने विजय संकल्प अभियान के अंतर्गत ली सभाएं

खबरनेशन/Khabarnation                 

शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की लंगड़ी सरकार है, जो सपा, बसपा और निर्दलीयों की बैसाखी पर खड़ी है। यह सरकार ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यह बात बुधवार को शिवपुरी जिले के बैराड़ में विजय संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पोहरी में भले ही चूक हो गयी हो, लेकिन लोकसभा में हमें मोदी जी को जिताना है। सभा को केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने भी संबोधित किया।

फिर लौट आया बंटाढार युग

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि 15 वर्ष पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता संभालते ही चंबल क्षेत्र और पूरे प्रदेश से डकैतों का सफाया कर दिया था। पुलिस यही थी, प्रशासन यही था,  लेकिन हमारी नीयत साफ थी कि मध्यप्रदेश की जनता भय और आतंक के माहौल से मुक्त रहे। लेकिन कांग्रेस की सरकार आते ही डकैतों का राज फिर लौट आया है। हत्या, लूट और अपहरण की घटनाएं बढ़ रही हैं। सतना में 2 मासूमों का अपहरण और उनकी लाशें मिलना,  उसके बाद इंदौर, ग्वालियर जैसे अनेक शहरों में लगातार अपहरण की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि बंटाढार युग फिर लौट आया है।

गरीबों से कफन तक छीन लिया कांग्रेस सरकार ने

चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के पहले कई वादे किए थे, लेकिन बीते ढाई माह में एक भी विकास कार्य नहीं हुआ। सरकार ने प्रदेश में ट्रांसफर उद्योग शुरू कर दिया, विकास के काम ठप हो गए। कांग्रेस सरकार में हर चीज बिकाउ हो गयी है, हर चीज के रेट तय है। उन्होंने कहा कि चारों तरफ भ्रष्टाचार से जनता त्राहिमाम कर रही है। इस निर्दयी सरकार ने संबल योजना का लाभ बंद कर दिया है, जिसमें हमने कफन दफन के लिए गरीबों को 5 हजार रूपए देने का काम किया था।  लेकिन इस सरकार ने गरीबों से कफन तक छीन लिया। उन्होंने कहा कि भले ही मैं मुख्यमंत्री नहीं रहा, लेकिन जनता के लिए सड़कों पर उतरूंगा, जनता की लड़ाई लड़ूंगा।

मजबूत सरकार के लिए मोदी जी को चुनिए

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। लेकिन यह सब कांग्रेस के मित्रों को रास नहीं आ रहा। ये नेता लगातार सेना का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुकाबले में कई पार्टियों का ठगबंधन है। अब तय आपको करना है कि आपको मजबूत सरकार देने वाले नरेन्द्र मोदी चाहिए या आतंकवादियों के समर्थन में बोलने वाला ठगबंधन। भारत को आगे बढ़ाना है या भारत विरोधी नारे लगाने वालों का समर्थन करना है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए हमें नरेन्द्र मोदी को आगे बढ़ाना है और उन्हें फिर प्रधानमंत्री बनाना है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment