नीमच की धरती से कमलनाथ सरकार पर भाजपा का जोरदार हमला

राजनीति Mar 10, 2019

हर मोर्चे पर झूठी और नाकारा साबित हुई है सरकार

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। किसानों की कर्ज माफी, बेरोजगार युवाओं को भत्ता जैसे अनेक फरेब को जनता के सामने बेनकाब करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह एवं नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने रविवार को नीमच के सरवानिया महाराज में आयोजित सभा को संबोधित कर प्रदेश सरकार के नकारापन को उजागर किया।

देश की बहादुर सेनाओं का अपमान नही होने देंगे

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को नीमच में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने पूरी दुनिया के सामने कहा कि हमें किसी ने छेड़ा तो उसे छोड़ेंगे नहीं। हमारे वायु सेना के हमारे बहादुर जवान जाते हैं और पाकिस्तान में जाते हैं और बम बरसाते है। आज सुन लो दुनिया वालों मोदी जी ने कहा कि हम चुन-चुनकर बदला लेंगे। एक तरफ कांग्रेसी कहते हैं कि प्रमाण लाओं और सबूत लाओ। जवानों की शहादत का अपमान करने वालो को धिक्कार है, शर्म नहीं आती इनको। कांग्रेस के नेता कहते हैं ये दुर्घटना है। हम देश की बहादुर सेनाओं का अपमान नही होने देंगे।

राहुल गांधी का कांग्रेस पर नियंत्रण नहीं है

उन्होंने कहा कि पुलवामा में शहीद हुए 40 जवानों की शहादत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बदला लेकर यह दिखा दिया है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत का निर्माण हुआ है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सर्जिकल स्ट्राइक को दुर्घटना कहकर शहीद की शहादत का अपमान किया है। कांग्रेस के कुछ नेता फिक्सिंग और कुछ नेता दुर्घटना बताते हैं, इसको लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी को जवाब देना पड़ेगा। सेना के जवानों का अपमान नहीं होने देंगे हम राहुल गांधी से सवाल करती है आपको जवाब देना होगा। राहुल गांधी का कांग्रेस पर नियंत्रण नहीं है या तुम्हारे इशारे पर कांग्रेसी नेता शहीदों का अपमान कर रहे हैं। भ्रम फैलाओं तरह-तरह की बातें करों यही काम कांग्रेस कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने विपक्ष के पास कोई नेता नहीं है। विपक्षीयों का महागठबंधन नहीं महा ठगबंधन है। जितने ठग हैं वह इकटठे हो गए हैं। ढाई महिने पहले मैं मुख्यमंत्री था वह सरकार कैसी थी और अब सरकार कैसी चल रही है।

कमलनाथ ने मध्यप्रदेश को तबाह कर दिया है

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ कर्जमाफी की घोष्णा कांग्रेस ने की थी और कांग्रेस को ही वादा निभाना पड़ेगा और नहीं निभाओगे तो हमें निभवाना आता है। हम किसान की कर्जमाफी को मजाक और किसानों को ठगने नहीं देंगे। कांग्रेस की सरकाार बनने के बाद रोज किसानेां के केस बन रहे हैं पैसा लूटा जा रहा है। किसान ठगा जा रहा है। इस सरकार में हर काम के रेट फिक्स हो गए है। मुख्यमंत्री कमलनाथ व्यापार कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में त्राही-त्राही मची है। कमलनाथ ने मध्यप्रदेश को तबाह कर दिया है। प्याज के ढेर पर बैठा किसान रो रहा है। गरीबों के हितों की संबल जैसी कई योजनाएं कांग्रेस ने बंद कर दी है। गरीब बच्चों की फीस सरकार नहीं भर रही है। इस सरकार ने गरीब का कफन छीनकर अंतिम संस्कार के 5 हजार रूपए भी रोक दिए। बेईमान सरकार में आज प्रदेश में गरीबों के इलाज की व्यवस्था नहीं हो रही है। मोदी जी जो पैसा भेज रहे हैं 6 हजार किसान के खाते में उसके लिए भी केंद्र को सूची नहीं भेजी इसलिए किसानों के पैसे अटका दिए हैं। मध्यप्रदेश में हम जनता के हकों की लड़ाई लडेंगे, हम लड़-लड़कर आपकी सेवा करेंगे।

 

भारत का मान-सम्मान शिखर को छू रहा है

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  राकेश सिंह ने कहा कि आज भारत का मान-सम्मान शिखर को छू रहा है। हमें गर्व है भारत की सेना विश्व की शक्तिशाली सेनाओं में से एक मानी जा रही है। पहले जब भारत पर प्रहार होता था तो हमारी सेना सफेद झंडा दिखाने वाली सेना के रूप में जानी जाती थी, लेकिन आज दुश्मन के घर में घुसकर हमारी सेना मारकर आती हैं। हमारी सेनाएं पहले भी बहादुर थी, साहस था, शौर्य था लेकिन फर्क इतना था कि पहले नेतृत्व ने देश के सम्मान की रक्षा की छूट नहीं दी गई थी और आज देश की ओर कोई आंख उठाए तो उसे ऐसा जवाब दो कि उसका नामोनिशान मिट जाए।

देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है

उन्होंने कहा कि जनता भलिभांति जानती है, इंदिरा जी ने कहा था गरीबी हटाओं कांग्रेस ने गरीबों को ही हटाने का काम किया। आज हमें गर्व होता है कि साढ़े चार साल के भीतर प्रधानमंत्री आवास का पक्का मकान गरीब को मिला। गरीब माँ बहन को उज्जवला की रोशनी मिली। यही फर्क है कांग्रेस और भाजपा में। आज देश में गरीब जनता की भलाई के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 70 योजनाएं चलाईं हैं।  आयुष्मान योजना के अंतर्गत इलाज में लगने वाले 5 लाख तक की भरपाई नरेंद्र मोदी जी की सरकार करेगी। इससे साबित होता है कि साढ़े चार साल में देश कहा से कहा पहुंचा। आज देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री पहले भी थे लेकिन आज देश के प्रधानमंत्री जिस देश में जाते हैं वहां प्रत्येक भारतवासी का मन गर्व से भर उठता है।

मुख्यमंत्री को किसान के पास जाने की फुरसत नहीं है

राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में सरकार बने कुछ महीने ही हुए हैं और कांग्रेस का चेहरा हमारे सामने हैं। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। किसानों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज हो रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री से मैं कहना चाहता हूू कि यह कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है। यह किसानों की लड़ाई आगे बढ़कर लड़ता रहेगा। मध्यप्रदेश में जब ओलापाला पडता था तब श्री शिवराज सिंह चौहान किसान के साथ कंधे से कंधे मिलाकर खड़े होते थे। आज मुख्यमंत्री को किसान के पास जाने की फुरसत नहीं है। आज पूरी भारतीय जनता पार्टी शिवराज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रदेश में खड़ी है। एक बार लोकसभा के चुनाव हो गए तो भाईयों ये कांग्रेस जो दिखावे की राजनीति कर रही है, वह दिखाना भी बंद कर देगी। आज हमें संकल्प लेना है कि नीमच में ही नहीं पूरे भारत में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराएगा।

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ट्रंासफर उद्योग खोलकर अपने कार्यकर्ताओं को रोजगार दे रही है। सरकार ने कानून व्यवस्था कि नई परिभाषा गढ़ी है। कमलनाथ सरकार के लिए माल लाओ ओर आर्डर ले जाओ ही कानून व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले कांग्रेस ने जनता को जो वचन दिए थे उसे निभाने में अब पसीने छूट रहे है। वादा खिलाफी हो रही है। हालत तो ये है कि अब कांग्रेस के विधायक गांव में घुस नही पा रहे हैं। कर्ज माफी ओर बेरोजगारी भत्ता को लेकर जनता कांग्रेस विधायकों का विरोध कर रही है। चुनाव के समय इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी ने घोषणा की थी कि अगर 10 दिनों में कर्ज माफी नही की तो मुख्यमंत्री हटा दूंगा। राहुल गांधी का काम कांग्रेस के कुछ विधायक करने वाले है। जैसे रात में आप सोये थे और सुबह एयर स्ट्राइक हुई ठीक ऐसे ही कभी भी प्रदेश में कांग्रेस के विधायकों की स्ट्राइक हो जाएगी और यह सरकार गिर जाएगी। बैसाखी पर चलने वाली सरकार ज्यादा दिन टिकने वाली नही है। हमे देश मे फिर मोदी जी की सरकार लाना है। क्योंकि मोदी जी है तो देश मजबूत है। मोदीजी हंै तो ये देश दुनिया में विश्व गुरु बनेगा। इसके लिए हमे लोकसभा में विजय का संकल्प लेकर निकलना है।

इस अवसर पर मंच पर राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, सांसद सुधीर गुप्ता, प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, जिला अध्यक्ष हेमन्त हरित यादव कैलाश चावला, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, दिलीप परिहार, मधाव मारू सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment