ममता की सल्तनत नहीं पश्चिम बंगाल: विजेश लुणावत

राजनीति Feb 05, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। ममता बनर्जी का भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं के प्रति जो रवैया है, उससे लगता ही नहीं है कि वे एक लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार की मुख्यमंत्री हैं। वे इस तरह का व्यवहार कर रही हैं, जैसे पश्चिम बंगाल उनकी सल्तनत है और वे उसकी निरंकुश बादशाह हैं। वे जिसे चाहें अपने राज्य में आने दें, जिसे चाहें न आने दें। यह बात मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के हैलीकॉप्टर को बेहरामपुर में उतरने की अनुमति न दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की बुधवार को पश्चिम बंगाल के बेहरामपुर में रैली और सभा का कार्यक्रम है। लेकिन ममता बनर्जी की सरकार ने उनके हैलीकॉप्टर को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी है, न ही उनकी रैली के लिए अनुमति जारी की गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने प.बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस रवैये को तानाशाही बताया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के लोगों को झूठ और भ्रम के एक मायाजाल में फंसा रखा था। भारतीय जनता पार्टी उनके इस मायाजाल को काटकर जनता को ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस की सच्चाई बता रही है। भाजपा की बात वहां की जनता को समझ आ रही है और इसीलिए पार्टी की लोकप्रियता वहां तेजी से बढ़ी है। ऐसे में ममता बनर्जी को यह डर लगने लगा है कि यदि भाजपा के प्रति जनता का आकर्षण ऐसे ही बढ़ता रहा, तो जल्दी ही उन्हें सत्ता से बाहर होना पड़ेगा। इसलिए अब वे भाजपा नेताओं के बंगाल पहुंचने और वहां सभा या रैली करने पर ही रोक लगाने लगी हैं। पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, फिर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं अब मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की रैली में रोड़े अटकाकर ममता बनर्जी ने यह साबित कर दिया है कि उनका अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र पर कोई विश्वास नहीं है और वे सत्ता में बने रहने के लिए हर हथकंडा आजमाने को तैयार हैं। श्री लुणावत ने कहा कि ममता बनर्जी को किसी भुलावे में नहीं रहना चाहिए, उनके इस अलोकतांत्रिक रवैये का जवाब पश्चिम बंगाल की जनता आगामी चुनावों में लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment