भाजपा सरकार की हिटलर शाही

राजनीति Sep 20, 2018

खबरनेशन/Khabarnation  
पत्थर फेंकने वालों को गले लगाने की बात कहे 24 घंटे नहीं बीते, काले गुब्बारे बेंचने वाले पर 8 धाराएं लगाईं शिवराज पुलिस ने

इसके पहले झूठी घटना पर 307 की धारा लगाई गई

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि कथनी-करनी के इसी अंतर से मुख्यमंत्री पर से जनता का भरोसा उठा

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले 15 साल में इस प्रदेश को अपने बातों के बताशे से ठग रहे हैं। सिंह ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री कहते हैं कि पत्थर फेंकने वालों का पुष्पहारों से स्वागत करूंगा, गले लगाउंगा। दूसरी ओर अगले 24 घंटे में ही गुब्बारे बेंचने वाले सतना निवासी हीरू सेवानी को इसलिए गिरफ्तार किया जाता है कि उसने काले गुब्बारे बेंचे। यह उसका अपराध है। इसी तरह एक पत्थर फेंकने की कथित घटना में 307 का प्रकरण दर्ज करवाते हैं। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की इसी कथनी-करनी के अंतर ने प्रदेश की जनता का भरोसा खो दिया है।

       नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के सतना प्रवास पर जो विरोध हुआ उसके बाद मुख्यमंत्री ने समारोह में अपने को गांधी साबित करने के लिए बड़े ऊंचे स्वर में कहा था कि पत्थर फेंकने वाले को पुष्पहार से स्वागत करूंगा और उन्हें गले लगाउंगा। दूसरी ओर एक गुब्बारे वाले का सिर्फ इतना ही कसूर था कि उसने विरोध करने वालों को गुब्बारे बेंचे। सिंह ने कहा कि शिवराज की पुलिस प्रशासन की हिटलर शाही का उदाहरण देखिए कि हीरू सेवानी को बलवे में भी शामिल कर दिया गया और उस पर भारतीय दण्ड संहिता की आठ धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

       नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि इसी तरह सीधी जिले के पटपरा में मुख्यमंत्री की जन आर्शीवाद यात्रा में कथित पत्थर फेंकने की घटना में दो कांग्रेस पदाधिकारियों सहित सात मासूमों को झूठे आरोप में फसा दिया। यही नहीं संबंधित पुलिस जाँच अधिकारी को भोपाल बुलाकर धारा 307, घटना के एक हफ्ते बाद जुड़वाई गई। नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान  पिछले 14 साल से ''मुंह में राम और बगल में छुरी'' रखकर शासन चला रहे हैं। उनकी कथनी-करनी का अंतर सतना वासियों ने 24 घंटे में ही  देख लिया।

       नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि झूठी बातों, झूठी घोषणाओं का पर्दाफाश हो चुका है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस प्रदेश की जनता का भरोसा खो बैठे हैं जिसका परिणाम नवंबर 2018 में जनता भाजपा सरकार की बिदाई करके देगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment