भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना भाजपा का लक्ष्य: तोमर

राजनीति Sep 16, 2018

खबरनेशन/Khabarnation  ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य केवल सरकारें बनाना नहीं है, बल्कि हमारा लक्ष्य पं. दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए रास्ते पर चलते हुए भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना है। यह बात रविवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के हरदौल गार्डन में आयोजित कार्यकर्ताओं सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन के दौरान तोमर ने ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक भारतसिंह कुशवाह द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर केंद्रित एक पुस्तक का विमोचन भी किय। 

अपने काम का हिसाब जनता को देना जनप्रतिनिधि का दायित्व

सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि अगर जनता हमें वोट देती है और पार्टी टिकट देती है,  तो यह जनप्रतिनिधि का दायित्व बनता है कि वह अपने कार्यकाल में जनहित में किए जाने वाले कामों का हिसाब जनता के सामने रखे। तोमर ने विधायक भारतसिंह कुशवाह के कामों पर केंद्रित पुस्तक की चर्चा करते हुए कहा कि इस विकास पुस्तिका से कार्यकर्ता जनता को सीना तान कर बता सकते हैं कि भाजपा के जनप्रतिनिधि ने कितना काम किया है। इससे जनता के बीच ना सिर्फ भरोसा पैदा होगा बल्कि जनता को यह भी उम्मीद रहेगी कि इस बार जनप्रतिनिधि ने इतने काम कराएं हैं,  अगली बार अगर भाजपा सरकार आई तो इससे भी ज्यादा काम होंगे। 

लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है भाजपा

नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का पूरे देश में विस्तार हो रहा है। पहले जहां सिर्फ राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में ही भाजपा की सरकारें हुआ करती थीं, आज देश के 19 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं। उन्होंने कहा 32 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले देश के 75 फीसदी हिस्से पर भाजपा काबिज है।केंद्रीय मंत्री तोमर ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में भाजपा आगे बढ़ रही है।पार्टी एक एक सीढ़ी चढ़ते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment