छोटे किसानों को भी श्रमिक योजना का लाभ

राजनीति Apr 16, 2018

सिंचाई क्षमता होगी एक लाख हेक्टेयर: चौहान

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का दायरा बढ़ाकर छोटे किसानों को भी आर्थिक कवच दिया हैं। उन्होंने खंडवा संसदीय क्षेत्र में किसान समृद्धि योजना का उद्घाटन करते हुए कहा कि जहां आजादी के बाद से 2003 तक प्रदेश में साढ़े सात लाख हेक्टर सिंचन क्षमता थी। भाजपा शासन के पिछले चौदह वर्षों में सिंचाई क्षमता 40 लाख हेक्टर तक पहुंच चुकी हैं, जो आने वाले वर्षों में 1 लाख हेक्टेयर तक की जाने के लिए रोडमैप तैयार किया जा चुका हैं। हर खेत को पानी देना भाजपा की प्राथमिकता हैं। इससे हरित क्रांति के साथ प्रदेश में जल क्रांति होगी। प्रदेश में उर्जा क्रांति से गांव में 24 घंटे बिजली दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के छैगांव माखन उद्वहन सिंचाई 750 करोड़ रूपए, सियाना डायर 500 करोड़ रूपए और भाम सिंचाई योजना 250 करोड़ रूपए लागत से बनाई जायेगी। इन सिंचाई उद्वहन सिंचाई योजनाओं की टेंडर प्रक्रिया जारी हैं, जल्दी निर्माण कार्य आरंभ किया जायेगा। उन्होंने अन्नदाता बंधुओं को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए भावांतर भुगतान योजना आरंभ की हैं। गेहूं, धान के साथ अन्य फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की पुख्ता व्यवस्था की हैं। देश में गेहूं का सर्वाधिक मूल्य 2000 रूपए क्विंटल का भुगतान किया जा रहा हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने 265 रूपए का अतिरिक्त भुगतान करके किसानों के मन की मुराद पूरी कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने गत वर्ष अपनी गेहूं, धान की फसल बेची थी उस पर भी बोनस देकर मुख्यमंत्री ने किसानों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का सबूत दिया हैं। राज्य में 2022 तक किसान की आय दोगुना करने के लिए बहुआयामी योजना पर काम हो रहा हैं।

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयुष्मान भारत योजना आरंभ करके करोड़ परिवारों को विकास में भागीदार बनाया हैं। उन्हें 5 लाख रूपए मूल्य का इलाज कराने की अनुमति होगी। इससे विकास का असंतुलन समाप्त होगा। उन्होंने कहा कि सौभाग्य की बात हैं कि देश का नेतृत्व करने के लिए नरेन्द्र मोदी जैसा दूरदर्शी नेतृत्व प्राप्त हुआ हैं जिसने देश में सामाजिक, आर्थिक क्रांति का बीड़ा उठाया हैं। इसी तरह मध्यप्रदेश में शिवराजसिंह चौहान गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवक वंचित समुदायों के लिए सामाजिक, आर्थिक सुरक्षा कवच बने हैं। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के पंजीयन से उनके परिवार को सभी सुविधाएं उपलब्ध होगी। 21 अप्रैल अंतिम तिथि के पूर्व असंगठित मजदूरों का पंजीयन कराकर मानवता की सेवा में जुट जाए। उन्होंने किसानों को समृद्धि योजना की देय राशि भेंटकर चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

इस अवसर पर विधायक देवेन्द्र वर्मा, लोकेन्द्र सिंह तोमर, महापौर सुभाष कोठारी, जिला अध्यक्ष हरीश कोटवाले, कैलाश पाटीदार सहित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी। (खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment