राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब: अमित शाह जी

राजनीति Nov 23, 2018

खबरनेशन / Khabarnation

                अशोकनगर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के रोड शो के दौरान शहर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर के लोगों ने पहली बार किसी राजनेता के रोड शो में इतनी भीड़ उमड़ी। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस रोड शो के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत हुआ। इस अवसर पर शहर के 500 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

                भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में शनिवार को रोड शो किया। श्री शाह का रोड शो शहर के एचडीएफसी बैंक चौराहे से दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ। रोड शो मिलन तिराहा होते हुए दोपहर 1.30 बजे गांधी पार्क चौराहे पर पहुंचा, जहां उसका समापन हुआ। श्री शाह का रोड शो जहां-जहां गुजरा नागरिकों ने अपने घरों की छतों से उन पर पुष्प वर्षा की। इसके साथ ही शहर के अनेकों सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह उनका पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने अपने रथ से लोगों का अभिवादन किया। श्री शाह के साथ रथ पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा, उत्तरप्रदेश के परिवहन मंत्री श्री स्वतंत्रदेव सिंह, मंत्री श्री सत्यपाल सिंह बघेल, जिलाध्यक्ष श्री जयकुमार सिंघई, अशोकनगर विधानसभा प्रत्याशी श्री लड्डूराम कोरी, मुंगावली विधानसभा प्रत्याशी डॉ.केपी यादव, चन्देरी विधानसभा प्रत्याशी श्री भूपेन्द्र द्विवेदी सवार थे।

                भाजपा में शामिल हुए 500 लोग : राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के रोड शो के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी श्री जितेन्द्र कोठारी के नेतृत्व में 500 से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Share:


Related Articles


Leave a Comment