प्रदेश में समृद्धि के लिए अपने बेटे, भाई और मामा को फिर आशीर्वाद दें : शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Nov 13, 2018

खबरनेशन / Khabarnation

सीधी, सिंगरौली, रीवा की सभाओं में बोले मुख्यमंत्री प्रदेश

को समृद्ध बनाने में कसर नहीं छोड़ूंगा

                भोपाल। कांग्रेस से हमें एक बीमारू प्रदेश मिला था, जिसे पहले विकासशील बनाया, फिर विकसित बनाया और अब उसे समृद्ध बनाना है। इसके लिए बुजुर्ग अपने बेटे, भाई-बहनें अपने भाई और भांजे-भांजियां अपने मामा को एक बार फिर से आशीर्वाद दें। ये बातें मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को सीधी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सीधी, सिंगरौली और रीवा जिलों में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में सभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा एक ही संकल्प है, अब मध्यप्रदेश को समृद्ध राज्य बनाना है और इसके लिए मैं दिन-रात काम में जुटा हुआ हूं।

रेल नेटवर्क से जुड़ेगा सीधी

                सीधी में स्थानीय भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ शुक्ला के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी जिले को हम रेल नेटवर्क से जोड़ रहे हैं। इसके लिए काम शुरू हो गया है। सीधी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 32 करोड़ रूपए भी स्वीकृत किए जा चुके हैं। यहां पर 300 बिस्तरों वाला एक अस्पताल भी खोला गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाणसागर बांध से 75 हजार एकड़ जमीन में सिंचाई हो रही है। अब एक नई योजना भी 204 करोड़ रूपए की शुरू की गई है। इससे क्षेत्र की 22 हजार एकड़ जमीन में सिंचाई होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमें सूखा मध्यप्रदेश दिया था, लेकिन हम सीधी जिले की एक-एक इंच जमीन को सिंचित करने की व्यवस्था कर रहे हैं। यहां की जमीन को पंजाब और हरियाणा जैसी उपजाउ जमीन बनाने का काम भी कर रहे हैं। युवाओं को मिलेगा रोजगार मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सीधी को आईटीआई, पॉलीटेक्निक, महिला कॉलेज, प्रशासनिक भवनों सहित कई अन्य सौगातें भी दी हैं। उन्होंने कहा कि समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने के लिए हर साल 10 लाख रोजगार पैदा करेंगे। प्रदेश के हर युवा को रोजगार से जोड़ेंगे। किसानों को भी उनकी फसलों का उचित मूल्य दिया जाएगा। किसानों के खातों में सोयाबीन के 500 रूपए अतिरिक्त जमा किए जाएंगे।

कांग्रेस के राजा-महाराजा उद्योगपति परेशान हैं

                मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राजा, महाराजा और उद्योगपति परेशान हैं। वे रातभर करवटें बदलते रहते हैं, उन्हें नींद नहीं आती है। नींद तो मुझे भी नहीं आती है, मैं सिर्फ तीन घंटे सोता हूं, लेकिन मैं प्रदेश को समृद्धशाली बनाने के लिए दिन-रात काम करता रहता हूं। कांग्रेस के लोगों को तो इसलिए नींद नहीं आती है कि यदि यह दुबला-पतला आदमी चौथी बार भी मुख्यमंत्री बन गया, तो फिर हमारा क्या होगा ? मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग कन्फयूज हैं। राहुल बाबा दिल्ली से आकर पहले मुझे कोसते थे, अब उन्होंने मेरे बेटे को भी पनामा में आरोपी बना दिया। जब मीडिया ने पूछा तो कहा कि मैं कन्पफयूज हो गया था। ये कांग्रेस के लोग खुद ही इतने कन्फयूज हैं, तो फिर ये प्रदेश कैसे संभालेंगे ?

गरीबों का भला करो तो इन्हें गुस्सा आता है

                मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने गरीबों की जिंदगी बदलने के लिए संबल योजना बनाई, तो यह कांग्रेसियों को रास नहीं आई। प्रदेश में गरीबों की भलाई करो तो इसमें भी उन्हें गुस्सा आता है। हम गरीबों को 200 रूपए में बिजली दे रहे हैं तो कांग्रेसियों को इस पर भी गुस्सा आता है। कांग्रेस ने कभी भी एक बेटी की शादी नहीं की। भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री निकाह योजना चलाई तो उन्हें इसमें भी गुस्सा आता है। हम बेटे-बेटियों को निःशुल्क पुस्तकें दे रहे हैं, उनकी पढ़ाई करा रहे हैं तो इसमें भी कांग्रेस को गुस्सा आता है।

पूर्व मंत्री स्व. जगन्नाथ सिंह को किया याद

                मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने सिंगरौली जिले के बगैया में आयोजित सभा में दिवंगत नेता एवं पूर्व मंत्री स्व. जगन्नाथ सिंह को याद किया एवं क्षेत्र के लोगों को उनके विकास कार्यों के बारे में बताया। स्व. जगन्नाथ सिंह चितरंगी से विधायक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. जगन्नाथ सिंह बेहद कर्मठ नेता थे और लगातार क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहते थे। उनके विधायक रहते हुए क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए हैं। इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद रीति पाठक, जिलाध्यक्ष शेषकांत देवसिंह, महापौर प्रेमवती खैरवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. रवींद्र सिंह, किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शीतलाधर द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने संबोधित की पांच जनसभाएं

                मुख्यमंत्री ने मंगलवार को 5 जनसभाओं को संबोधित किया। सीधी जिले की विधानसभा धोहनी के ग्राम बस्तुआ में भाजपा प्रत्याशी कुंवर सिंह टेकाम, विधानसभा सीधी में प्रत्याशी केदारनाथ शुक्ला, सिंगरौली जिले की विधानसभा चितरंगी के बगैया में प्रत्याशी अमर सिंह, रीवा जिले की विधानसभा मउगंज के खटकरी में प्रत्याशी प्रदीप पटेल और विधानसभा गुढ़ के टिकरी में प्रत्याशी नागेंद्र सिंह के पक्ष में सभाओं को संबोधित किया।

Share:


Related Articles


Leave a Comment