नगरीय निकाय चुनाव प्रणाली बदलकर जनता के हक छीनना चाहती है कांग्रेसः राकेश सिंह

राजनीति Aug 22, 2019

 

प्रदेश अध्यक्ष ने दी चेतावनी-सरकार की ऐसी हर कोशिश का विरोध करेगी भाजपा

खबर नेशन / Khabar Nation

                भोपाल। कमलनाथ सरकार मनमाने तरीके से स्थानीय निकायों का परिसीमन कर रही है। निकाय चुनाव की प्रणाली में बदलाव की कोशिश कर रही है, जो जनता के अधिकार छीनने जैसा है। भारतीय जनता पार्टी यह मांग करती है कि नगरीय निकाय चुनाव अभी तक जिस पद्धति से होते आ रहे हैं, उसी पद्धति से आगे भी हों। अगर कांग्रेस सरकार मनमाने तरीके से चुनाव पद्धति में बदलाव करती है, तो भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच जाकर ऐसी हर कोशिश का पुरजोर विरोध करेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही।

                प्रदेश सरकार द्वारा नगरीय निकाय चुनाव पद्धति में किए जा रहे बदलाव पर ऐतराज जताते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में सर्वाधिक नगरीय निकायों में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता है और यह बात कांग्रेस सरकार की आंखों की किरकिरी बनी हुई है। कांग्रेस ने सत्ता हासिल करते ही सबसे पहले नगर निगम महापौरों के अधिकारों पर कुठाराघात करने की कोशिश की, जिसमें उसे सफलता हासिल नहीं हुई। आने वाले समय में प्रदेश में नगरीय निकायों के चुनाव संपन्न होने वाले हैं और कांग्रेस ऐन केन प्रकारेण उसमें जीत हासिल करना चाहती है। इसीलिए कांग्रेस सरकार नगरीय निकायों की चुनाव पद्धति में बदलाव करने की कोशिश कर रही है।

सिस्टम में जमा वर्षों पुराना घुन समाप्त हो रहा है

                श्री राकेश सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदम्बरम की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें होती हैं, तो सारा सिस्टम ठीक से काम करना शुरू कर देता है। हमारे देश के सिस्टम में जो वर्षों पुराना घुन था, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में वह घुन समाप्त हो रहा है। सिस्टम ठीक से काम करने लगा है। उन्होंने कहा कि अदालतों ने कोई आदेश दिया है, भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं, तो सिस्टम को काम करने दें, इसमें कांग्रेस नेताओं के इतने बेचैन होने वाली क्या बात है ?

कमलनाथ सरकार के खिलाफ किसानों में भयंकर असंतोष

                प्रदेश सरकार द्वारा कर्जमाफी को लेकर बनाए गए नए प्रारूप को श्री राकेश सिंह ने प्रदेश के किसानों को ठगने का नया प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्जमाफी को लेकर एक के बाद एक कई प्रारूप लेकर आ रही है। पहले लाल, पीले, हरे, नीले फार्म भरवाए गए। अब कुछ नए नियमों के साथ नये प्रारूप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर कमलनाथ सरकार किसानों को ठगने का एक नया रास्ता ढूंढकर लाई है, क्योंकि सरकार को पता है कि ऐसा करने से उसे समय मिलता चला जाएगा। लेकिन प्रदेश के किसानों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भयंकर असंतोष है। प्रदेश में किसानों के हितों की लगातार अनदेखी हो रही है।

सदस्यता के लक्ष्य से आगे निकली भाजपा

                श्री राकेश सिंह ने सदस्यता अभियान के बारे में कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने सदस्यता अभियान में बहुत तेजी से लगी हुई है। प्रदेश इकाई का सदस्यता को लेकर जो लक्ष्य निर्धारित था, प्रदेश संगठन उस लक्ष्य को पूरा करते हुए उससे आगे निकल गया है। उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव की प्रक्रिया भी पार्टी ने जारी कर दी है। इसकी एक निश्चित प्रक्रिया है, जिसके तहत पहले प्राथमिक इकाइयों के चुनाव होंगे। उसके बाद मंडलों और फिर जिले के चुनाव होंगे। जिला संगठनों के चुनाव के बाद प्रदेश के चुनाव संपन्न होंगे।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment