किसानों की मेहनत से प्रदेश को पांचवी बार कृषि कर्मण सम्मान मिला

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा आयोजित किसान सम्मान यात्रा का पूरे प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने उन्नतशील किसानों का सम्मान कर यात्रा का समापन किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने खंडवा संसदीय क्षेत्र विधानसभा बड़वाह के ग्राम कानापुर में किसान सम्मान यात्रा का समापन करते हुए कहा कि प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने किसानों को बेमिसाल तोहफा दिया हैं। गेहूॅ का 2000 रू. क्विंटल मूल्य आश्वस्त करके किसानों की खुशहाली का मार्ग प्रशस्त किया हैं। पिछले वर्ष जो गेहूं और धान बेची जा चुकी हैं, उस पर भी बोनस देकर राज्य सरकार ने किसानों के हित में खजाना खोल दिया हैं। किसानों की मेहनत से मध्यप्रदेश पांचवी बार कृषि कर्मण सम्मान से गौरवान्वित हुआ हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पिछले तेरह-चौदह वर्षों में जितना उल्लेखनीय कार्य प्रदेश में किया गया, उतना पिछले 6 दशकों में नहीं हुआ।

चौहान ने कहा कि किसान की खुशहाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं शिवराज सिंह सरकार की दिवस की चिन्ता और रात्रि का स्वप्न बन चुकी हैं। यही कारण हैं कि जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज के बावजूद जो किसान डिफाल्टर हो गये थे, उनके ब्याज का भुगतान करने का जिम्मा भी शिवराज सिंह सरकार ने उठाकर डिफाल्टर किसानों को नियमित बना दिया।  उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने पिछले वर्षों में कृषि के क्षेत्र में उदारतापूर्वक फैसले लिये, जो सिंचाई रकबा साढ़े 7 लाख हेक्टर था उसे 40 लाख हेक्टर करके हर खेत को पानी पहुंचाया। प्रदेश ने हरित क्रांति के लिए जल क्रांति को सफल बनाने का बीड़ा उठाया हैं। नंदकुमार सिंह चौहान ने सम्मान यात्रा के समापन के अवसर पर निमाड़ क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों, दुग्ध उत्पादकों, पेशेवर दस्तकारों का शाल फल से सम्मान किया।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री अजय प्रताप सिंह ने अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ के राजेन्द्र ग्राम में किसान सम्मान यात्रा का समापन अवसर पर किसानों का सम्मान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की पीड़ा को देखते हुए अनेक योजनाएं बनाकर उन्हें संबल बनाने का काम किया हैं। कृषि लाभ का धंधा बने इसके लिए प्रदेश सरकार ने किसानों को अनेक सौगातें दी हैं। 

आदिवासी अंचल में किसान सम्मान यात्रा आकर्षण का केंद्र बनी

किसान सम्मान यात्रा के समापन के दिन आदिवासी अंचल में यात्रा आकर्षण का केंद्र रहा। मंडला जिले के मुआ, बिछिया, निवास में सम्मान यात्रा का समापन वरिष्ठ नेता फग्गनसिंह कुलस्ते, संपत्तिया उईके, दर्शन सिंह चौधरी ने आदिवासी कृषकों का सम्मान कर किया।

प्रदेश ने कृषि उत्पादन में कीर्तिमान बनाया हैं: मस्त

सिंगरौली में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मस्त, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत एवं सांसद रिती पाठक ने प्रगतिशील किसानों को शाल श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया।

वीरेन्द्र कुमार मस्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ किसानों के लिये कई अभिनव योजनाएँ प्रारंभ की। उसका परिणाम हैं कि आज प्रदेश कृषि के क्षेत्र में देश में अग्रिम पंक्ति में आ खड़ा हुआ हैं। प्रदेश ने कृषि उत्पादन और उत्पादकता में कीर्तिमान बनाया हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश की तस्वीर और किसानों की तकदीर बदली हैं। कृषि क्षेत्र में 55 वर्षो में जितना काम नहीं हुआ उतना काम मध्यप्रदेश में पिछले 14 वर्षो में हुआ हैं।

रणवीर सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी में था जबकि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सभी वर्गों और क्षेत्र के लिये काम करते हुए प्रदेश को विकसित राज्य की श्रेणी में ला खड़ा किया। कृषि और उससे संबंद्ध क्षेत्र में प्रदेश की विकास दर औसत 18 प्रतिशत हैं जो देश में सर्वाधिक हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसान को कर्ज देकर किसानों को खुशहाली प्रदान की हैं। प्रदेश सरकार ने गेहॅू के समर्थन मूल्य 1765 रू. पर 265रू. प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि देकर किसानों से 2000 रू. प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीदेगी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कांतिदेव सिंह, विधायक राजेन्द्र मेश्राम, कुंवर सिंह टेकाम, देवेन्द्रनाथ चतुर्वेदी, डाॅ. अजय सिंह, अजय पाठक, रामनरेश विश्वकर्मा सहित जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री के रोम-रोम में किसान बसतें हैं: शर्मा

पार्टी के प्रदेश महामंत्री मनोहर ऊंटवाल, विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने शाजापुर जिले के कालापीपल में आयोजित किसान सम्मान यात्रा में 70 से अधिक किसानों का सम्मान करते हुए कहा कि यह सम्मान किसानों की परिश्रम का सम्मान हैं, किसानों के परिश्रम और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मेहनत से प्रदेश को पांचवी बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिला।

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोम-रोम में किसान बसतें हैं। किसान सम्मान यात्रा समाप्त नहीं हुआ हैं, इसके चौपाल, गली, मोहल्ले और घर-घर सम्मानित किसान सरकार के एंबेसेटर बनकर किसानोन्मुखी योजनाओं को जनता से रूबरू कराना हैं। उन्होंने कहा कि 2003 के पूर्व किसानों और कृषि को लेकर कांग्रेस सरकार ने कोई योजना नहीं बनाई। सिंचाई भूमि साढ़े 7 लाख हेक्टर से 40 लाख हेक्टर, पर्याप्त बिजली और किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज दर से माइनस 10 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सहित अनेक कृषि योजनाएं लागू कर शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की किसानी को लाभ का धंधा बनाया हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद गोटिया कटनी के बड़वारा में, प्रदेश मंत्री कृष्णा गौर सिलवानी में, रघुनाथ सिंह भाटी इछावर विधानसभा के ग्राम धामन्दा में, पंकज जोशी इंदौर जिले की देपालपुर विधानसभा में, सांसद सावित्री ठाकुर धार के गंधवानी में, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. दीपक विजयवर्गीय पिपरिया में, प्रदेश प्रवक्ता राजो मालवीय सोहागपुर, अभिलाष पांडे जबलपुर, लता ऐलकर जयसिंह नगर में, भगत सिंह कुशवाह नरसिंहपुर में, सूरज कैरो विदिशा के कुरवाई में क्षेत्रीय विधायक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में उन्नतशील किसानों को सम्मान कर यात्रा का समापन किया। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment