गांधी संकल्प यात्रा के माध्यम से गांधी जी के विचारों को जन जन तक पहुंचाए कार्यकर्ता : अमित शाह

राजनीति Sep 21, 2019

 

दीनदयाल जी की जयंती पर 25 को अंत्योदय और स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम होः जेपी नड्डा

राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष ने वीडियो कांफ्रेसिंग से की

प्रदेश पदाधिकारियों और सांसदों से चर्चा

 

                भोपाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एक व्यक्ति, नहीं विचार है। गांधी जी की 150 वीं जयंती पर गांधी संकल्प यात्रा के माध्यम से उनके विचारों को जन जन तक पहुंचाकर इसे अविस्मरणीय बनाना है। गांधी जी की स्मृति और सिद्धांतों को शाश्वत और चिरंजीव बनाना पार्टी के हर कार्यकर्ता और भारत के हर नागरिक का कर्त्तव्य है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 2 अक्टूबर को गांधी जी की समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश भर में गांधी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से जुड़े कार्यक्रमों की शुरूआत करेंगे। देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में 2 अक्टूबर गांधी जयंती से 31 अक्टूबर सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती तक ‘गांधी संकल्प यात्रा’ निकलेगी। सांसदों सहित पार्टी के जनप्रतिनिधिगण और कार्यकर्ता गांधी संकल्प यात्राओं को सफल बनाने में जुटे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने भाजपा प्रदेश पदाधिकारी एवं प्रदेश के सभी सांसदों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग करते हुए कही।

                भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह एवं कार्यकारी अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा ने शनिवार को देश भर के पार्टी प्रदेश पदाधिकारियों एवं सांसदों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। पार्टी प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित वीडियो कान्फ्रेंसिंग में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारीगण, लोकसभा एवं राज्यसभा के सांसदगण मौजूद थे। इस दौरान केन्द्रीय संगठन द्वारा निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत चर्चा की गयी।

गांधी जयंती पर संकल्प यात्रा और प्लास्टिक मुक्त दौड़

                निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ और फिट इंडिया अभियान शुरू किया है, इसे हमें आगे बढ़ाना है। 2 अक्टूबर गांधी जयंती को दौड का आयोजन हो, जिसके माध्यम से 2 कि.मी. तक बिखरी पडी प्लास्टिक को इकठ्ठा कर प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बनाना है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार हमेशा प्रासंगिक रहे है। उनकी जयंती पर प्रत्येक लोकसभा में गांधी संकल्प यात्रा निकलेगी। इस यात्रा के माध्यम से स्वच्छता, खादी, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त गांव के साथ गांवों में युवाओं की टोली खडी करना है। उन्होंने यात्रा के माध्यम से मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को नीचे तक पहुंचाने की बात कही।

बूथ स्तर पर मनेगी दीनदयाल जयंती

                कार्यकारी अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि हर बार की तरह 25 सितंबर को अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अंत्योदय और सेवा कार्यक्रम हो। इस बार प्रधानमंत्री जी ने सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्ति का जो संकल्प लिया है, उसके अनुरूप दीनदयाल जयंती पर कोई भी एक परिसर प्लास्टिक मुक्त हो ऐसा संकल्प लें। उन्होंने दीनदयाल जयंती पर सभी विचारधाराओं के महापुरूषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाए जाने की बात कही।

गांधी जी के सात सिद्धांतों को लेकर निकलेगी यात्रा

                पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, सांसद श्री भूपेन्द्र यादव ने गांधी संकल्प यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सभी सांसद विधानसभा को इकाई बनाकर 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच गांधी संकल्प यात्रा करेंगे। इस यात्रा के माध्यम से गांधीवादी सिद्धांतों और सामाजिक बुराईयों के बारे में जागरूकता बढाना है। गांधी जी ने बिना काम के धन, विवेक रहित खुशी, बिना चरित्र के ज्ञान, नैतिकता के बिना व्यापार, मानवता के बिना विज्ञान, त्याग के बिना धर्म और सिद्धांतों के बिना राजनीति, के रूप में जो सात सिद्धांत दिए है, इसे हमें यात्रा के माध्यम से जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इस यात्रा की सफलता में पूरे प्राणपण के साथ जुटें।

Share:


Related Articles


Leave a Comment