अजजा मोर्चा ने अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर प्रदेश में 1 हजार स्थानों पर दीपोत्सव मनाया

भोपाल। संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश के मंत्री लालसिंह आर्य और मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सूरज कैरो ने डॉ. अंबेडकर के जन्म स्थल महू के कोदरिया गांव में आयोजित दीपोत्सव समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने जाति विहीन समाज का सपना देखा था। कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर का चुनाव में नाम लिया, लेकिन कांग्रेस की असहिष्णुता का दंश बाबा साहब अंबेडकर को जीवन पर्यन्त भुगतना पड़ा।

उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास जैसी समावेशी भव्य भावना के साथ देश एक विशाल परिवार का विजन देकर बाबा साहब का सपना पूरा करने का प्रयास किया हैं। इस विराट विजन में राष्ट्र और समाज को अक्षुण्ण बनाये रखने की सत्याग्रही निष्ठा के दर्शन होते हैं, लेकिन आज कांग्रेस अलगाववाद को हवा देकर सियासी खेल कर देश को कमजोर करने पर आमादा हैं। बाबा साहब का वैचारिक दर्शन हमें जोड़ता हैं। सभी को राष्ट्रवाद की श्रृंखला में बांधता हैं।

सामान्य प्रशासन मंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उपेक्षित वंचित समुदाय को विकास की मुख्य धारा में लाने का प्रयास कर बाबा साहेब के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया हैं। उनके आदर्शों पर चलना ही बाबा अंबेडकर को सच्ची श्रृद्धांजलि होगी।

इंदौर में पार्टी जिला अध्यक्ष कैलाश शर्मा, मोर्चा अध्यक्ष राजेश शिरोढकर, नानूराम कुमावत, गणेश गोयल, राजेश वर्मा सहित मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने गीता भवन चौराहा स्थित अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। प्रदेश के सभी 850 मंडलों के अंतर्गत 1000 स्थानों पर संध्या समय एक लाख दीप प्रज्जवलित कर दीपोत्सव मनाया गया। सागर में नारायण सिंह कबीरपंथी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप लारिया, जबलपुर में महापौर स्वाती गोडबोले और बी.एस. ठाकुर ने दीपोत्सव में भाग लिया। भोपाल में पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेन्द्रनाथ सिंह और प्रदेश मंत्री कृष्णा गौर ने पूर्व संध्या पर कार्यक्रम में भाग लिया और बाबा साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

‘दिल की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आकर्षण का केंद्र बना

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा आज रात्रि 7 बजे प्रदेश के सभी संगठनात्मक मंडलों के अंतर्गत 1000स्थानों पर आयोजित कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ‘दिल की बात’ वार्ता के सीधे प्रसारण को सुने जाने की व्यवस्था की गई। जनता ने मुख्यमंत्री के उद्गार सुने और बाबा साहब अंबेडकर के योगदान को हृदंगम किया। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment