कैलाश जोशी के निधन से मध्यप्रदेश की राजनीति के एक स्वर्णिम अध्याय का अवसान

शख्सियत Nov 24, 2019

 

 

 नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने वरिष्ठ नेता श्री कैलाश जोशी  जी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

अंतिम संस्कार कल हाटपिपलिया में होगा

खबर नेशन /Khabar Nation

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी जी के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय कैलाश जोशी जी के निधन से मध्यप्रदेश की राजनीति के एक स्वर्णिम अध्याय का अवसान हुआ है।
शोक व्यक्त करते हुए श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा के आधार स्तंभ, ईमानदार और सादगी की प्रतिमूर्ति पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय कैलाश जोशी जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। आदरणीय कैलाश जी राजनीति के संत थे। विगत 4 दशक से मुझे निरन्तर उनका सानिध्य मिलता रहा। उनसे जुड़ी अनेक स्मृतियां मेरे जहन में है। लेकिन अब राजनीति में उन जैसे व्यक्तित्व वाला दूसरा कैलाश जोशी कोई हो नही सकता। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।
नेताप्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि आदरणीय श्री जोशी जी जुझारू नेता थे। जनसंघ के संस्थापक सदस्य रहे। उन्होंने मध्यप्रदेश में विपरित परिस्थितियों में भाजपा संगठन को खड़ा किया। नगरपालिका अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री तक का बेदाग़ सफर रहा। उनके निधन से भाजपा- संगठन ने एक दिव्य और सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता खो दिया है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। श्री भार्गव ने कहा कि इस दुख की घड़ी में समूचे जोशी परिवार और उनके समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना है।

राजनीतिक शुचिता के प्रतीक थे कैलाश जोशी जी

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय कैलाश जोशी जी के निधन से स्तब्ध हूँ। राजनीति को नई दिशा देने के साथ ही पार्टी व प्रदेश के विकास में श्री जोशी जी का योगदान अभूतपूर्व है। श्री कैलाश जोशी जी राजनीति के संत थे। उन्होंने जीवन पर्यंत भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने का काम किया। वे राजनीतिक शुचिता और समर्पण के प्रतीक थे। 

राजनीति, पार्टी और प्रदेश के उत्थान में श्री जोशी जी का योगदान अविस्मरणीय है। देवास जिले के छोटे से गांव  हाटपिपलिया के छोटे से किसान परिवार में जन्मे श्री जोशी जी संघर्षों के साथ आगे बढ़़े। प्रारंभिक शिक्षा देवास में करने के दौरान ही जोशी जी का झुकाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  के माध्यम से समाज सेवा की ओर हो गया। आदरणीय जोशी जी की अद्भुत संगठन क्षमता हमेशा प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का काम करती रहेगी। 

भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल श्रद्धेय जोशी जी ने  1955 से 1960 तक देवास में जिला मंत्री के रूप में कार्य किया। 1956 से भारतीय जनसंघ, जनता पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में संगठन को मजबूत करने का काम किया। श्री जोशी जी ने 2 बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहकर संगठन को गांव-गांव तक विस्तृत करने  परिश्रम किया।  

राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर श्रद्धेय जोशी जी 1955 में 1960  के बीच बागली नगर पालिका अध्यक्ष संभाला। उसके बाद 1962 से लगातार 8 बार बागली विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए। 

उन्होंने विधायक दल के उपनेता और नेता प्रतिपक्ष के रूप में सरकार पर अंकुश लगाए रखने का काम बखूबी किया। 1977 में जनता पार्टी सरकार के पहले मुख्यमंत्री बनकर कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को मूर्त रूप दिया। 

अनुशासन और कार्यकर्ताओं के संरक्षक थे जोशी जी।

वैसे तो आदरणीय कैलाश जोशी से जुड़े अनेक संस्मरण है जो प्रेरणा देने का काम करते हैं। उनके जीवन का हर पहलू कुछ न कुछ सीख देता है। श्री कैलाश जोशी जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं थे, बल्कि वे सेवा और समर्पण का दूसरा रूप थे। कैलाश जोशी जी राजनीतिक परिदृश्य में शुचिता के प्रतीक और प्रदर्शक थे। आदर्श कार्यकर्ता, प्रेरक नेता और पार्टी संगठक के रूप में आदरणीय कैलाश जी के भीतर की विलक्षण प्रतिभा सभी को प्रभावित करती थी। उनका व्यक्तित्व प्रेरणादायी था,  जो हमें संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। हम उनके व्यक्तित्व का अनुकरण कर भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करेंगे। 

आदरणीय कैलाश जोशी का निधन भारतीय जनता पार्टी परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। हमने अपना मार्गदर्शक खोया है। उनके निधन से पार्टी में जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी भरपाई असंभव है। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं की ओर से स्वर्गीय श्री कैलाश जोशी जी के चरणों में नमन करता हॅू और ईश्वर से प्रार्थना करता हॅू कि दिवंगत की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।

अंतिम संस्कार कल हाटपिपलिया में होगा


भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, राजनीति में सादगी, शुचिता और पारदर्शिता के प्रतीक, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय कैलाश जोशी जी का रविवार को उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से समूचे भाजपा परिवार में शोक व्याप्त हो गया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी जी ने आज भोपाल के बंसल हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। आज शाम 5.00 बजे उनकी पार्थिव देह भोपाल स्थित उनके निवास बी-30, 74 बंगला ले जाई जाएगी। 25 नवंबर सोमवार को सुबह 9.30 बजे श्री जोशी जी की पार्थिव देह प्रदेश भाजपा कार्यालय दीनदयाल परिसर में अंतिम दर्शनार्थ रखी जाएगी। एक घंटे पश्चात् 10.30 बजे उन्हें बैरागढ़, सीहोर और आष्टा होते हुए हाटपिपलिया ले जाया जाएगा। जहां अपराहन 3.00 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment