घर-घर जाकर सीएए विरोधी दलों के फैलाए भ्रम को दूर करें महिलाएंः विजया राहटकर

 

 

रीवा के प्रबुद्ध महिला सम्मेलन में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया आह्वान

 

 खबर नेशन / Khabar Nation 

 

                रीवा। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दल अफवाहें फैला रहे हैं। लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। आप सभी घर-घर जाकर सीएए के विरोधियों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करें और नागरिकता संशोधन कानून की सच्चाई लोगों के सामने उजागर करें। यह बात महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती विजया राहटकर ने शनिवार को रीवा में आयोजित प्रबुद्ध महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा गौर, सांसद रीति पाठक एवं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती लता एलकर ने भी संबोधित किया।

 

1947 में महात्मा गांधी ने दिया था नागरिकता का आश्वासन

 

                महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती विजया राहटकर ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि सीएए के विरोध में विरोधी दल अल्पसंख्यक समाज को बरगलाने का काम कर रहे हैं। सीएए नागरिकता छीनने का कानून नहीं है, वह तो धार्मिक रूप से प्रताड़ित किये गये पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता देने का कानून है। उन्होंने कहा कि 1947 में जब देश आजाद हुआ था, तब महात्मा गांधी ने पाकिस्तान में रह गए अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता देने का आश्वासन दिया था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बापू के उसी आश्वासन को पूरा किया है। आप घर-घर जाकर लोगों को यह बात समझाएं।

 

जनता समझ चुकी है कांग्रेस की हर चाल

 

                सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि नागरिकता कानून को लेकर कांग्रेस पार्टी अर्नगल व झूठी बातें प्रचारित कर रही है। लेकिन अब देश की जनता को कांग्रेस की हर चाल समझ में आ चुकी है। सीधी सांसद श्रीमती रीति पाठक ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर कांग्रेस और विपक्षी दलों की असलियत सामने आ गई है। ये देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। वहीं,  महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती लता एलकर ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा विरोधी दलों के द्वारा फैलाये जा रहे झूठ को उजागर करने की जिम्मेदारी लेता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और विरोधी दलों का यह समझना चाहिए कि पाकिस्तान में जिस तरह से हिन्दुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, ऐसे में भारत की जिम्मेदारी है कि उनकी पीड़ा को दूर करे। वही काम नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने किया है।

 

                कार्यक्रम में स्वागत भाषण महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रज्ञा त्रिपाठी ने दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मनीषा पाठक ने किया। सम्मेलन में प्रदेश के पूर्व मंत्री रीवा विधायक राजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश मंत्री व सांसद श्रीमती संपतिया उइके, गिरीश गौतम, दिव्यराज सिंह, केपी त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment