किसानों को भड़काने से पहले ये बताए कांग्रेस 70 सालों में उनके लिए किया क्या है ? : रजनीश अग्रवाल

 

 खबर नेशन Khabar Nation

                भोपाल। किसानों को लगातार छल रही कांग्रेस एक बार फिर उन्हें भरमाने का प्रयास कर रही है। लेकिन उससे पहले कांग्रेस को देश और प्रदेश के किसानों को यह बताना चाहिए कि उनकी सरकारों ने बीते 70 सालों में किसानों की बेहतरी के लिए किया क्या है? कांग्रेस की सरकारों ने किसानों के लिए ऐसी कौन सी नीति या योजना लागू की है, जिससे किसानों की भलाई हुई हो? कांग्रेस ने किसानों को दिया क्या है? किसानों को भ्रमित करने या उनके नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने से कोई उनका शुभचिंतक नहीं हो जाता। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा किसानों के समर्थन में आंदोलन की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। श्री अग्रवाल ने कांग्रेस की इस घोषणा को राजनीतिक फायदे के लिए किसानों के इस्तेमाल का एक और कांग्रेसी प्रयास बताया है।

                भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि बीते 70 सालों का इतिहास गवाह है कि कांग्रेस की सरकारों ने किसानों के हित के लिए कुछ नहीं किया। किसानों के हित में जो भी बड़ी योजनाएं, नीतियां या निर्णय लागू किए गए हैं, वे भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने ही किए हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि किसान को बैंक से आसानी से लोन देने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड योजना अटल जी की सरकार ने दी। पहली बार देश में किसानों की फसल का बीमा करने व उसकी उपज के बीमा का प्रावधान राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना में अटल जी ने किया।  बड़ी सिंचाई परियोजनाओं को पहले अटल जी की सरकार ने और बाद में नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने क्रियान्वित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने उन किसानों को जो बैंक के दरवाजे तक भी नहीं जा सकते, किसान सम्मान निधि देने का काम किया। देश में लागत मूल्य के 50 प्रतिशत से अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने का कार्य मोदी सरकार ने ही किया। वहीं, मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार ने सिंचाई का रकबा बढ़ाया, किसानें के लिए जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण का प्रावधान किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि अब जब प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार देश में एक राष्ट्र, एक बाजार की दिशा में आगे बढ़ रही है, कमीशनखोरों, दलालों और उनको सालों से संरक्षण देने वाली कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। श्री अग्रवाल ने कहा कि ये वही लोग हैं, जो नहीं चाहते कि देश का किसान कभी सुखी और आत्मनिर्भर हो। उनकी इच्छा हमेशा यही रही है कि देश का अन्नदाता अपना खून-पसीना बहाता रहे और इनके सामने झोली फैलाकर खड़ा रहे, ताकि ये अपने राजनीतिक लाभ के लिए उसका इस्तेमाल करते रहें।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment