संघ को कुछ भी कहने से पहले अपनी समझ का विकास करें गोविंद: राकेश सिंह

 

खबर नेशन / Khabar Nation

भोपाल। कमलनाथ सरकार के मंत्री गोविंद सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में जो टिप्पणी की है उससे स्पष्ट हो जाता है कि संघ और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में मंत्री गोविंद सिंह का ज्ञान कितना सीमित है। बेहतर होगा यदि मंत्री गोविंद सिंह संघ के बारे में कुछ भी कहने से पहले अपनी समझ का विकास कर ले। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने मंत्री गोविंद सिंह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ किस तरह का संगठन है इसके बारे में किसी को कुछ बताने की जरूरत नहीं है। पूरा देश और दुनिया जानती है की संघ का लेना देना समाज सेवा और व्यक्ति निर्माण से रहा है। संघ की शब्दावली में षडयंत्र शब्द का कोई स्थान नहीं है। देश की आजादी के बाद कश्मीर पर कबाइलियों के हमले से लेकर आने वाली प्रत्येक विपदा में संघ के स्वयंसेवकों ने अपने राष्ट्रीय दायित्व को निभाया है। देश का हर बच्चा जानता है कि संघ के स्वयंसेवकों ने किस तरह जाति, धर्म और भाषा के भेदभाव के बिना अपनी जान की परवाह ना करते हुए लोगों की सेवा की है।
श्री राकेश सिंह ने कहा कि संघ ने तो भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने का लक्ष्य लेकर देश के लोगों को अपनी मातृभूमि और संस्कृति से जोड़ने का काम ही किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता और पद प्राप्ति के लिए षडयंत्र रचना कांग्रेस की संस्कृति रही है, जिसकी जानकारी देश-प्रदेश के हर व्यक्ति को है, इसीलिए कांग्रेस के लोगों को षड्यंत्र और साजिश जैसे शब्द सपने में दिखाई देते हैं।

Share:


Related Articles


Leave a Comment