भारत के नवनिर्माण और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं मोदी सरकार के 9 वर्षः रामेश्वर तेली

केंद्रीय मंत्री ने कहा- तुष्टिकरण को खत्म कर मोदी जी ने स्थापित की विकासवाद की राजनीति
 

खबर नेशन / Khabar Nation

बैतूल। मोदी सरकार के बीते 9 वर्ष भारत के नवनिर्माण और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। बीते 9 सालों में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस’ से ’डिसीसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ’फ्रेजाइल फाइव’ से ’टॉप फाइव’ की यात्रा की है। भारत ने बीते 9 साल में एक पार्टी के ’अपना परिवार, अपनी विकास नीति’ को दरकिनार कर ’सबका साथ, सबका विकास’ की कहानी लिखी है। पहले दुनिया में भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी। लेकिन आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री जी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है। यह बात केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री श्री रामेश्वर तेली ने बैतूल में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। पत्रकारवार्ता को क्षेत्रीय सांसद श्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया।
मोदी सरकार ने योजनाओं को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया
श्री तेली ने कहा कि पहले की सरकारों के समय योजनाएं कागजों में धूल फांकती रहती थीं। आज एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं और जमीन पर उतरती भी हैं। शिलान्यास और उद्घाटन दोनों एक ही कार्यकाल में होते हैं। पहले बिचौलिए लाभार्थियों का पैसा खा जाते थे, आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म कर दिया गया है। भ्रष्टाचार के दीमक को समाप्त किया जा रहा है। पहले के प्रधानमंत्री कहते थे, गरीबों को एक रूपया भेजता हॅू, तो केवल 15 पैसे पहुंच पाते हैं। न जाने कौन था, जो एक रुपये में से 85 पैसे खा जाता था। आज नरेन्द्र मोदी सरकार में अगर किसी गरीब को 100 रूपये भेजे जाते हैं,  तो पूरे 100 रूपये ही उस तक पहुंचते हैं। जहां भाजपा की डबल इंजन वाली सरकारें हैं, वहां तो इसमें और अधिक पैसा जुड़कर गरीबों तक पहुंचता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अर्थव्यवस्था को पैसे खाने वालों के पंजे से मुक्त कराकर इसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।
सांस्कृतिक अभ्युदय की ओर बढ़ रहा भारत
श्री तेली ने कहा कि बीते 9 सालों में भारत ने गुलामी की बेडियाँ तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री  प्रधानसेवक के रूप में जनता जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने देश के सोचने के स्तर को ऊपर उठाया है। धारा 370 धाराशायी हो चुकी है, ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हो चुकी है और आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक की जा रही है। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। मोदी सरकार के बीते 9 वर्षों के कार्यकाल में भारत गुलामी की बेड़ियां तोड़कर सांस्कृतिक अभ्युदय के रास्ते पर बढ़ चला है। अयोध्या में श्री राम मंदिर, काशी कॉरिडोर, महाकाल लोक इसके प्रत्यक्ष उदाहरण है। इंडिया गेट पूरी तरह से बदल गया है। जहां पहले जार्ज पंचम की मूर्ति थी,  आज वहां सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा हैं। वीरों की गाथा गाता हुआ नेशनल वॉर मेमोरियल है।
9 सालों में हुए गरीब कल्याण के काम
श्री तेली ने कहा कि बीते 9 वर्षो में मोदी सरकार ने गरीब कल्याण के अभूतपूर्व काम किए हैं। देश में लगभग 48 करोड़ लोगों के जन-धन एकाउंट खोले गए। उज्जवला योजना के तहत साढ़े 9 करोड़ गैस कनेक्शन वितरित किये गये। देश में लगभग साढ़े तीन करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई, 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है और लगभग साढ़े 12 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक गरीबों को घर दिए गए हैं। देश में लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है।
30 जून तक चलेगा विशेष जनसंपर्क अभियान
केंद्रीय मंत्री श्री तेली ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में प्रत्येक लोकसभा के एक हजार से अधिक विशिष्ट परिवारों से संपर्क किया जाएगा तथा सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता भेंट करेंगे। इसके साथ ही लोकसभा के अधिक से अधिक बूथों पर अलग- अलग कार्यक्रम होंगे। श्री तेली ने बताया कि पार्टी ने मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों को लेकर एक वेबसाइट भी लॉन्च की है। इस अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक गीत भी जारी किया गया है। साथ ही पार्टी के जनसमर्थन के लिए एक मिस्ड कॉल नंबर (9090902024) भी जारी किया गया है।
*मोदी सरकार के कार्यकाल में आकार ले रहा नया भारतः दुर्गादास उईके*
सांसद श्री दुर्गादास उईके ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्षों में भारत गरीबों एवं वचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला,  युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला, सबके लिए सहज और उत्तम सेवाएं उपलब्ध कराने वाला तथा निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है,  शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों का भारत है। यह  मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व सांसद श्री हेमंत खंडेलवाल, असम के भाजपा प्रदेश मंत्री श्री मानस जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री आदित्य बबला शुक्ला, लोकसभा संयोजक श्री बसंत बाबा माकोडे, जिला संयोजक श्री सुधाकर पंवार, श्री सूर्यदीप त्रिवेदी उपस्थित रहे।

लिखें और कमाएं       
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment