राजनैतिक संत की राजहठ

 

मध्यप्रदेश के मंत्री की माँ और पिता शिवराज से नाराज

वास/बागली| सोमेश उपाध्याय|
भारतीय राजनीति में संत का सम्मान प्राप्त मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी राजहठ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से नाराज चल रहे श्री जोशी की पत्नी श्रीमती तारादेवी भी सी एम से नाराज चल रही हैं। गौरतलब है कि श्री जोशी दंपत्ति मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक जोशी के माता पिता हैं।
 नाराजगी की वजह मुख्यमंत्री शिवराज द्वारा श्री जोशी की गृह तहसील को जिला घोषित किए जाने से मुकरना बताया जा रहा है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी से शिवराज नेेे बागली को जिला घोषित करने का वादा किया था। अपने गृह क्षेत्र देवास के बागली तहसील को जिला न बनाने के कारण  पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश 
जोशी ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। पूर्व में सीएम चौहान ने जोशी को आश्वसत किया था, कि प्रदेश में जैसे ही नया जिला बनेगा,तो बागली को प्राथमिकता दी जाएगी। लेकिन सीएम अपना वादा भूल निवाड़ी को जिला घोषित कर बैठे। सीएम के इस फैसले से कही न कही जोशी को गहरा अघात लगा। जोशी ने तत्काल मुख्यमंत्री चौहान के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मिलने का समय मांगा। मुख्यमंत्री ने जोशी से चर्चा करते हुए मंगलवार सुबह मिलने की बात कही। घंटों इंतजार के बाद सीएम व्यस्तता का हवाला देते हुए अपने प्रस्तावित दौरे पर निकल गए। वहीं निवास पर मौजूद क्षेत्रवासियों ने इसे  बुजुर्ग नेता  का अपमान बताया। 

श्री जोशी की धर्मपत्नी व राज्य शिक्षा मंत्री दीपक जोशी की माता श्रीमती तारा देवी जोशी ने भी सीएम के प्रति नाराजी जाहिर की। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा  जन आशीर्वाद यात्रा से भोपाल लौटने के बाद जोशी से मुलाकात करने की बात सामने आई । बागली विधानसभा क्षेत्र में कैलाश जोशी का कद बहुत बड़ा माना जाता है। बागली क्षेत्र में भाजपा के साथ कांग्रेस के लोग भी श्री जोशी को सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। जोशी की उपेक्षा से क्षेत्र में आक्रोश फैलेगा, जिसका सीधा असर चुनावों में देखने को मिल सकता है।
जोशी परिवार की इस नाराजगी को देखकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी से चर्चा की और चुनाव आचार संहिता का हवाला देते हुए अपनी मजबूरी बताई । सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज ने श्री जोशी को आश्वस्त किया है कि वे इसी माह श्री जोशी के साथ बागली पहुँचकर क्षेत्र की जनता को सरकार बनने पर जिला बनाने की वादा करेंगे।

 

बागली को जोशी ने ही बनाया भाजपा गढ़-

बागली विधानसभा पूर्व में कांग्रेस का गढ़ रही। यहां कांग्रेस प्रत्याशी विजय होता था यहीं से मिश्रीलाल गंगवार, हटेसिंह गोयल जैसे दिग्गज कांग्रेसी नेता चुनाव जीते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जोशी ने प्रभावी ढंग से अपनी गहरी पैठ क्षेत्र में बनाई एवं लगातार विधायक चुने गए। उन्होंने ही सतत संघर्ष कर बागली  विधानसभा सीट को बागली का गढ़ बनाया।

Share:


Related Articles


Leave a Comment