पंचायतों की तरह निकाय चुनाव में भी भाजपा को मिलेगा जनता का स्नेह और समर्थनः शर्मा


प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से चर्चा में कहा-झूठ बोलने से नहीं, काम करने पर वोट देती है जनता

भोपाल। ग्रामीण और नगर निकाय के चुनाव लोकतंत्र के सशक्तीकरण के आधार हैं। हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्टी के समर्थित उम्मीदवारों को जनता का आशीर्वाद प्रचंड बहुमत के रूप में मिला है। निकाय चुनाव के पहले और दूसरे चरण में भी पार्टी प्रत्याशियों को इसी तरह जनता का स्नेह और समर्थन मिलेगा। पार्टी को मिलने वाली इस ऐतिहासिक जीत का आधार हैं हमारे कार्यकर्ताओं तथा संगठन की मेहनत, पार्टी नेतृत्व के प्रति प्रदेश की जनता का विश्वास और भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे गरीब कल्याण के काम। सरकार की इन योजनाओं के हितग्राही आज भाजपा के ब्रांड एंबेसडर के रूप में हर बूथ पर खड़े हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
झूठ बोलने से नहीं, काम करने पर मिलते हैं वोट
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ 15 महीने बाद फिर मुख्यमंत्री बनने की बात करते हैं और कर्मचारियों को धमकाते हैं। कमलनाथ का लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है, इसलिए स्वयं मतदान करने में यकीन नहीं करते, लेकिन हार के डर से झूठ बोलने का काम जरूर कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि जनता झूठ बोलने से नहीं, बल्कि काम करने पर वोट देती है,  इसलिए कमलनाथ और कांग्रेस के नेताओं को जिम्मेदारी के साथ बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें जनकल्याण की योजनाओं चला रही हैं और इन योजनाओं से गरीबों का जीवन बदलने का काम कर रही हैं। इसीलिए जनता भाजपा को वोट दे रही है। कमलनाथ ने 15 महीनों की सरकार में क्या किया? उन्होंने तो गरीबों से उनका हक छीन लिया था और जिस तरह का भ्रष्टाचार तथा गुंडाइज्म फैलाया था, उसे प्रदेश की जनता से देखा है। श्री शर्मा ने कहा कि निकाय चुनावों के  परिणाम आने पर सब साफ हो जायेगा।
गड़बड़ी के जिम्मेदारों पर कार्रवाई करे चुनाव आयोग
श्री शर्मा ने कहा कि इस बार चुनाव में वोटर लिस्ट में अनेक कमियां पाई गईं हैं। इसके अलावा पहले चुनाव आयोग द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाता था, वो भी इस बार नहीं चलाया गया। चुनावी ड्यूटी वाले कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट नहीं दिये गए। इन सब बातों से मतदान प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं द्वारा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किया गया। श्री शर्मा ने कहा कि यदि मतदाता मतदान केंद्र से परेशान होकर बिना वोट दिये लौट जाए, तो इससे बड़ा कोई अपराध नहीं है। इस तरह की गड़बड़ियों के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, निर्वाचन आयोग को उन पर कड़ी कार्यवाही करनी चाहिए। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पहले भी इस प्रकार की आशंकाएं जताई गईं थी, लेकिन चुनाव आयोग ने उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के अंतिम फेस में मतदाता पर्ची अधिक से अधिक घरों तक पहुंचे, यह प्रयास पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है। श्री शर्मा ने अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदाता अधिक से अधिक मतदान करें।
मुख्यमंत्री जी की सक्रियता, संवेदनशीलता से परिचित है जनता
श्री शर्मा ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं और हमें उन पर गर्व है। उन्होंने कहा कि श्री शिवराज सिंह चौहान देश के सर्वाधिक लंबे समय तक रहने वाले मुख्यमंत्री हैं। प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री जी की सक्रियता और संवेदनशीलता से परिचित है। लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ तो  गाड़ी से नीचे ही नहीं उतरते हैं। वह कभी जनता से संवाद नहीं कर सकते। कमलनाथ घर-घर जाने का अभियान तो शुरू कर लेते हैं, लेकिन गाड़ी से उतरने बिना घर के सामने से हाथ हिलाकर निकल जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में प्रदेश की जनता कमलनाथ जी को बताएगी कि वो कहां पर खड़े हैं।  

Share:


Related Articles


Leave a Comment