कांग्रेस को विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं छोड़ेगी जनताः सुश्री उमा भारती

खबरनेशन / Khabarnation

इस बार कांग्रेस को विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं छोड़ेगी जनताः सुश्री उमा भारती

केंद्रीय मंत्री ने कहा शिवराज के नेतृत्व में देश का नं.1 राज्य बनेगा मध्यप्रदेश

                भोपाल। कांग्रेसी प्रदेश में एंटी इन्कम्बेंसी की बात कर रहे हैं, लेकिन एंटी इन्कम्बेंसी उनके खिलाफ है। विपक्षी दल के रूप में प्रदेश की जनता उनकी भूमिका से संतुष्ट नहीं हैं, क्योंकि उन्होंने कभी जनता के लिए संघर्ष नहीं किया। इसलिए प्रदेश की जनता इस बार कांग्रेस का विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं छोड़ेगी। यह बात केंद्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने दतिया विधानसभा के बसई एवं शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा के बामौर कला में आयोजित सभाओं में कही। उन्होंने कहा कि शिवराज जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का नं.1 राज्य बनने की तरफ चल पड़ा है।

                केंद्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने बुधवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में स्थानीय प्रत्याशी प्रीतम लोधी एवं दतिया विधानसभा के बसई में डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पक्ष में सभाओं को संबोधित किया। सुश्री भारती ने कहा कि आपकी इस बेटी ने आपकी इज्जत रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अब आपको मेरी इज्जत रखना है और भाजपा के प्रत्याशियों डॉ. नरोत्तम मिश्रा एवं प्रीतम लोधी को जिताना है।

प्रदेश को नं.1 बनाएंगे शिवराज

                सुश्री उमा भारती ने कहा कि शिवराजसिंह जी इतने अच्छे तरीके से सरकार चलाई है कि शायद मैं नहीं चला पाती। मैंने उनसे कहा था कि प्रदेश को देश का नंबर 1 राज्य देखना चाहती हूं। उन्होंने इसके लिए प्रयास शुरू कर दिये। उनकी सरकार ने सड़क,  बिजली और पानी के वादे पूरे किए। खेती के मामले में मध्यप्रदेश देश का नं. 1 राज्य बन गया है। महिला अपराधों के क्षेत्र में मध्यप्रदेश सबसे तेज कार्रवाई वाला राज्य है। मध्यप्रदेश फास्टट्रैक कोर्ट में सुनवाई करके 40 दिनों में एक बलात्कारी को फांसी की सजा सुनाने वाला देश ही क्या दुनिया का पहला राज्य बन गया है। सुश्री भारती ने कहा कि शिवराज जी ने लोगों की जिंदगी खुशहाल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कृषि में तरक्की, सिंचाई में तरक्की, संबल जैसी योजना, ये सब चीजें प्रदेश को नं.1 राज्य बनाने की कार्ययोजना के ही हिस्से हैं। सुश्री भारती ने कहा कि शिवराज ने इस तथ्य का ध्यान रखा कि तपस्या से हासिल की गई चीज विलासिता से नष्ट हो जाती है। उन्होंने तपस्या से बनी सरकार को तपस्या से ही चलाया है।

कांग्रेस बताए, जनता के लिए कब संघर्ष किया

                सुश्री भारती ने कहा कि आज देश और प्रदेश में हमारी सरकारें हैं, लेकिन इससे पहले हम सालों विपक्ष में रहे हैं और संघर्ष किया है, जिसके बाद हम सरकार में आए हैं। कांग्रेस के भी 3-4 नेता मुख्यमंत्री बनने की हसरत पाले बैठे हैं। लेकिन मैं उनसे कहना चाहती हूं कि जिस तरह सरकार की जिम्मेदारी होती है, विपक्ष की भी जनता के प्रति जवाबदारी होती है। कांग्रेसी बताएं कि उन्होंने प्रदेश की जनता के लिए कब-कब संघर्ष किया। कब-कब लाठियां खाईं और कब-कब जेल गए। अब प्रदेश की जनता यह मान रही है कि कांग्रेस विपक्ष में बैठने के लायक भी नहीं है और अबकी बार प्रदेश की जनता उन्हें इस लायक भी नहीं छोड़ेगी।

कांग्रेस को वोट मांगने का अधिकार नहीं

                सुश्री भारती ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एक गरीब घर से निकलकर देश के प्रधानमंत्री बने हैं। श्री मोदी अब गरीबों के हित में काम कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस ने हमारा मजाक उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि इससे पहले यह कभी नहीं हुआ कि कोई विपक्षी नेता या कार्यकर्ता प्रधानमंत्री को जिंदा जलाने की बात करे, लेकिन कांग्रेस ने यह भी किया है। सुश्री भारती ने कहा कि हम विपक्ष में रहे, लेकिन जब जरूरत पड़ी, देशहित में एकजुट होकर काम किया। 1971 के युद्ध के समय हमारे नेता स्व. अटल जी संसद में कहा था कि हम जनसंघ के लोग हैं और देश के लिए मर मिटने वाले हैं। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा जी से कहा था कि आप आगे बढ़िये, हम आपके साथ हैं। लेकिन जब मोदी जी की सरकार में सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है, तो कांग्रेस के नेता उस पर सवाल उठाते हैं। हमारे सेनाध्यक्ष को गुंडा कहते हैं। सुश्री भारती ने कहा कि कांग्रेस में देशभक्ति की भावना नहीं है और उसे जनता से वोट मांगने का कोई हक नहीं है।

भाजपा में शामिल हुए सैकड़ों कांग्रेसी

                पिछोर में सभा को संबोधित करते हुए सुश्री भारत ने कहा कि स्थानीय विधायक ने पिछले 15 सालों से क्षेत्र के विकास में कोई दिलचस्पी नहीं ली। विधायक ने क्षेत्र में सिर्फ दोहन करने का काम किया है। जमीन को खोदकर खोखला कर सारा पत्थर, नदियों से रेत और जंगलों से तेंदूपत्ता का कारोबार किया। यहां सैकड़ों कांग्रेसी सुश्री उमा भारती के समक्ष भाजपा में शामिल हुए।

                इस दौरान बाल आयोग अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा, जिला संगठन मंत्री देवेंद्र भार्गव,  भैया साहब लोधी, लोकपाल लोधी, जगराम सिंह यादव नवप्रभा पडरया, नवल चौबे, रामकरण यादव, भानु जैन, विकास पाठक, बनवारी लाल श्रीवास्तव, देवेंद्र यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। बाद में आप सागर जिले के खुरई विधानसभा के बांदरी में जनसभा को संबोधित किया।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment