भाजपा का एक ही उद्देश्य-विकास, विकास और विकासः सुश्री उमा भारती

खबरनेशन / Khabarnation 

 

 

                पन्ना। भारतीय जनता पार्टी की सरकारों का बस एक ही उद्देश्य है- विकास, विकास और विकास। इसी मंत्र को लेकर भाजपा की सरकारें काम कर रही हैं। यह बात केंद्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने सोमवार को पन्ना जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं को संबोधित करते हुए कही। सुश्री भारती ने रैपुरा में प्रहलाद लोधी, गुनौर में राजेश वर्मा और पन्ना विधानसभा के ग्राम खोरा में ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह के समर्थन में सभाओं को संबोधित किया।

                भारतीय जनता पार्टी की स्टार प्रचारक सुश्री उमा भारती सोमवार को पन्ना जिले की तीनों विधान सभाओं में पहुंची। पन्ना विधानसभा के प्रत्याशी ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह के समर्थन में ग्राम खोरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुये सुश्री भारती ने कहा कि ब्रजेन्द्र ने पवई विधानसभा में विकास किया और अब पार्टी ने उन्हें पन्ना से प्रत्याशी बनाया है। सुश्री उमा भारती ने कहा कि ब्रजेन्द्र प्रताप मेरे भाई व मेरे बेटे जैसे हैं। मैं आप सभी से अपील करती हूं कि ब्रजेंद्र प्रताप सिंह को वोट देकर मेरे बड़े भाई शिवराजसिंह चौहान को एक बार और मुख्यमंत्री बनाएं, ताकि प्रदेश में जो विकास कार्य बाकी हैं, उन्हें वो पूरा कर सकें। उन्होने कहा कि पन्ना के लोगों को केन-बेतवा लिंक परियोजना का लाभ मिलेगा और पन्ना जिला सिंचित होगा।

कांग्रेस ने नहीं किया विकास

                सुश्री भारती ने कहा कि 2003 के पहले काग्रेंस ने विकास नहीं किया और बाद में विपक्ष की भूमिका भी ठीक से अदा नहीं की। अब उनका विपक्ष में भी स्थान समाप्त हो चुका है। सुश्री भारती ने कहा कि  आने वाले समय में देश के सभी राज्यों में भाजपा की सरकारें होंगी और हम राष्टहित में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की आमदनी बढ़े और देश के लोग खुशहाल हों, ऐसा मेरा सपना है। उन्होंने प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में कहा कि भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना (संबल) बनाई, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना बनाई, मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना, म.प्र. लोक सेवा गारंटी योजना, मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना, जीरो प्रतिशत दर पर ऋण, सबके लिये आवास, मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना, निःशुल्क औषधि वितरण योजना जैसी जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया। इन योजनाओं का सीधा लाभ प्रदेश की आम जनता को मिला है। सुश्री भारती ने भाजपा के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि हमारी सरकार सदैव जनकल्याणकारी कार्य करती रही है और करती रहेगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment