पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रीवा में ली कांग्रेस मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों की बैठक

एक जगह Mar 12, 2023

 

 

खबर नेशन / Khabar Nation  

सिखाए संगठन में काम करने के तरीके, कार्यकर्ताओं ने दिए अपने
 सुझाव
रीवा/ भोपाल, 11 मार्च 2023
राजसभा सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इन दिनों कांग्रेस संगठन को मजबूती देने मुहिम पर प्रदेश भर में विधानसभा क्षेत्रों के दौरों पर हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने समूचे प्रदेश के कांग्रेस के मंडलम सेक्टर अध्यक्षों के साथ बैठक करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें दी है, जिसमें उन्होंने अभी तक भोपाल, सीहोर, हरदा, सतना व रीवा जिले की कुछ विधानसभा क्षेत्रों में मंडलम, सेक्टर अध्यक्षों की बैठक कर चुके हैं। रीवा विधानसभा की मंडलम सेक्टर व कार्यकर्ता बैठक में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया, वरिष्ठ व कनिष्ठ नेता मंच के नीचे बैठे और मंच पर ससम्मान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया। डॉ. विमल दुबे, राजेश मिश्रा, नुरुल हसन, धनेंद्र सिंह पार्षद, विनोद शर्मा, पंकज उपाध्याय, केपी सिंह, अनूप सिंह चंदेल, मुश्ताक खान, लाल जी मिश्रा, शिवप्रसाद प्रधान, नजमा बेगम, अशोक पटेल, हर्ष लाल गुप्ता, प्राची शुक्ला, प्रभा सोहगाय, कृष्ण नंदन परोहा, वसीम खान, डॉ. एसपीएस तिवारी, लियाकत अली, मनीष नामदेव, राजेन्द्र शर्मा, प्रह्लाद सिंह, डॉ. अमित तिवारी, आंनद कुशवाहा, अमित कौल, मकदूम खान, कविता पांडेय, केपी सिंह, सरदार गुरमीत सिंह मंगू आदि ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी के सामने अपनी बातें खुल कर रखीं।
कांग्रेस नेता सरदार प्रह्लाद सिंह ने कहा कि हम पहले चुनाव नही जीते लेकिन अब हमें पुरानी बातें छोड़कर आगे की बात करना चाहिए, ‘‘छोड़ो कल की बातें, कल की बात पुरानी, नए दौर में लिखेंगे मिलकर नईं कहानी“ गाने के साथ सभी कार्यकर्ताओं को उत्साहित कर दिया। वहीं लियाकत अली ने कहा कि उन्हें महापौर से शिकायत है कि ये वहीं गलती कर रहे हैं जो काँग्रेस ने हमेशा की है महापौर लोगों को बिना बताए बिना प्रचार किये विकास कार्यों के नारियल फोड़ रहे हैं ये बड़ी गलती है।
श्री सिंह ने रीवा विधानसभा क्षेत्र के उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि कार्यकर्ताओं ने अपने मन की बात खुलकर रखी। अमित कौल और कौल समाज का आभार माना, उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि डरो मत, जो डर गया समझो मर गया। डट कर लड़ाई लड़ो, विंध्य में काँग्रेस का परचम लहराओ। भाजपा सरकार के शासन काल में बेतहाशा महँगाई है, बेरोजगारी चरम पर है, कानून व्यवस्था ध्वस्त है यह सब बातें हैं और इन सब बातों को घर घर तक पहुंचाने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस, किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल व एनएसयूआई और कमलनाथ जी ने करीब 36 प्रकोष्ठ बनाये हैं इन सब का मंडलम, सेक्टर व बूथ स्तर तक संगठन खड़ा किया जाए।
कार्यकर्ता बैठक में राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, रीवा संगठन प्रभारी पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा, सह प्रभारी दुर्गेश पटेल, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सिद्धार्थ तिवारी, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष वसीम रजा, जिले के संगठन प्रभारी द्वय रवि तिवारी व सज्जन सिंह तिवारी, पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना व रीवा विधानसभा क्षेत्र के युवक कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल व महिला कांग्रेस सहित सभी प्रकोष्ठों के सदस्य व अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।
 

लिखें और कमाएं       
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

Share:


Related Articles


Leave a Comment