अमित शाह 12 को जबलपुर में नागरिकता संशोधन कानून पर करेंगे जनसंवाद

एक जगह Jan 01, 2020

 

 

  खबर नेशन / Khabar Nation 

 

                भोपाल। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कांग्रेस पूरे देश में दुष्प्रचार कर रही है। भारतीय जनता पार्टी ने यह तय किया है कि पार्टी सकारात्मक तरीके से पूरे देश में इस कानून की सच्चाई जनता को बताएगी। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री  अमित शाह 12 जनवरी को जबलपुर आ रहे हैं। श्री शाह एक जनसभा में इस मुद्दे पर जनता से संवाद करेंगे। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  राकेश सिंह ने बुधवार को मीडिया से चर्चा के दौरान दी।

 

                 राकेश सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून बनने के बाद से कांग्रेस दुष्प्रचार कर रही है। समाज को बांटकर हिन्दू- मुस्लिमों के बीच दीवार खड़ी करने की कोशिश की जा रही है। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल अपने इस प्रयास में तो सफल नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन वे  अराजकता को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने तय किया था कि हम सकारात्मक तरीके से पूरे देश में यह संदेश देंगे कि सीएए नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं। इसी को ध्यान में रखकर जनजागरण अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पार्टी के राष्ट्रीय नेता पूरे देश में, अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों में जाकर सभाएं, गोष्ठियां करने जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृहमंत्री  अमित शाह जबलपुर आ रहे हैं। यहां श्री शाह एक जनसभा के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश देंगे कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए और भाजपा की सरकार जनता के हितों के लिए और विकास के लिए संकल्पित है। देश की सीमाएं सुरक्षित रहे, पूरी दुनिया में देश का नाम बढ़े,  इसके लिए यह सरकार संकल्पित है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment