शहर में खपाई जाने वाली थी 4 टन पॉलीथीन, निगम अधिकारियों ने दबोचा

लांबाखेड़ा से लौड होकर करोंद के रास्ते लाई जा रही थी प्रतिबंधित पॉलीथीन

खबर नेशन/Khabar Nation  

भोपाल। प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। लांबाखेड़ा से वाहनों में लौड कर 4 टन पॉलीथीन करोंद के रास्ते शहर में लाई जा रही थी, तभी निगम के स्वास्थ्य अधिकारियों को खबर लग गई, उन्होंने वाहन का पीछा कर जोन 17 के अंतर्गत आने वाले 80 फीट रोड पर पॉलीथीन से भरा वाहन पकड़ लिया। पॉलीथीन जप्त करते हुए निगम अधिकारियों ने करीब 10 हजार का जुर्माना भी लगाया। यह कार्रवाई संयुक्त रूप से तीन जोन के सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों ने मिलकर की।

डिस्पोजल वस्तुएं, पॉलीथीन, कैरी बैग, फूड पैकेजिंग और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए गठित दल के प्रभारी अजय श्रवण ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता के निर्देश पर शहर में प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग और बेचने वालों के खिलाफ मुहिम चल रही है। बुधवार को जानकारी मिली कि बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथीन शहर के बाजार में पहुंच रही है। वाहन में पॉलीथीन लांबाखेड़ा से लौड की गई और करोंद चौराहा होते हुए वेस्ट प्राईज के सामने से आ रही थी। वाहन का पीछा किया और 80 फीट रोड पर वाहन को रोक लिया। हालांकि खतरे को भांपते हुए वाहन चालक ने वाहन की रफ्तार तेज कर ली थी। लेकिन आगे संयुक्त दल ने वाहन को रोक लिया। वाहन में 4 टन प्रतिबंधित पॉलीथीन थी। जांच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और अनिल प्लास्टिक पर 10 हजार का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान जोन 2 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी राजेश घेंघट, जोन 4 के शाहब खान, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी  राकेश शर्मा मौजूद रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment